
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने दिसंबर 2024 टर्म-एंड परीक्षा (TEE) के लिए आवेदन करने और पंजीकरण करने की अंतिम तिथि एक बार फिर से बढ़ा दी है। पहले यह 15 अक्तूबर थी, जिसे बढ़ाकर 20 अक्तूबर किया गया था। अब इसे एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। अब छात्रों को बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने के लिए 27 अक्टूबर तक का समय मिलेगा। वहीं, 28 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच 1,100 रुपये की लेट फीस भुगतान के साथ उम्मीदवार ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट exam.ignou.ac.in. के माध्यम से ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन कार्यक्रमों के तहत दिसंबर टर्म-एंड परीक्षा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
इग्नू ने एक्स पर कहा, “परीक्षा फॉर्म जमा करने की तिथि बिना किसी विलम्ब शुल्क के 27/10/2024 तक बढ़ा दी गई है।” यह विस्तार दिसंबर 2024 की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सभी छात्रों के लिए उपलब्ध है, जो उन लोगों के लिए अतिरिक्त समय प्रदान करता है जो पहले अपने फॉर्म जमा करने में असमर्थ थे। विश्वविद्यालय ने छात्रों से आगामी परीक्षाओं के लिए अपनी पात्रता सुरक्षित करने के लिए इस अवसर का लाभ उठाने को कहा है।
इससे पहले इग्नू ने जुलाई 2024 सत्र के लिए नए दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। ओडीएल और ऑनलाइन मोड (सेमेस्टर-आधारित और सर्टिफिकेट प्रोग्राम को छोड़कर) में पेश किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर, 2024 है। ऑनलाइन उपलब्ध कराए गए कार्यक्रमों की सूची आधिकारिक वेबसाइट iop.ignouonline.ac.in पर उपलब्ध है। छात्र कार्यक्रमों की जांच कर सकते हैं और तदनुसार आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश की पुष्टि होने के बाद पात्र छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in पर सरकारी छात्रवृत्ति के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने असाइनमेंट जमा करने की समय सीमा भी 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। दिसंबर 2024 TEE के लिए सभी प्रकार के पाठ्यक्रमों, ODL, ऑनलाइन कार्यक्रमों, GOAL और EVBB के लिए यह विस्तार दिया गया है। सभी असाइनमेंट जिन्हें हार्ड कॉपी या सॉफ्ट कॉपी में जमा करना है, उन्हें एक्सटेंशन मिल गया है।




Add comment