
दिल्ली समेत देशभर में स्थित कई सीआरपीएफ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को धमकी भरा ईमेल मिला है जिसमें दावा किया गया है कि दिल्ली और तेलंगाना में उसके तीन विद्यालयों को विस्फोटकों से निशाना बनाया जाएगा। धमकी मिलने के बाद पुलिस बल अलर्ट पर है और धमकियों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि ईमेल के जरिए स्कूल प्रबंधन को ये बम की धमकी मिलीं। सीआरपीएफ को सोमवार रात को संदिग्ध ईमेल मिला था। गौरतलब है कि ये धमकियां दिल्ली के रोहिणी में स्थित सीआरपीएफ स्कूल की दीवार के पास हुए बम विस्फोट के एक दिन बाद मिली है। इस बम विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन आसपास की दुकानों और वाहनों को शीशे टूट गए थे। पुलिस इन बम धमकियों की जांच में जुटी है और हाई अलर्ट पर है।
ताज़े ईमेल में जिन विद्यालयों को उड़ाने की धमकी दी गयी, उनमें दिल्ली के रोहिणी और द्वारका तथा हैदराबाद के समीप मेडचल में स्थित विद्यालय शामिल हैं। हालांकि ये विद्यालय सुरक्षित हैं तथा इनमें सामान्य रूप से काम हो रहा है। ईमेल में दावा किया गया कि मंगलवार सुबह 11 बजे तक तीनों विद्यालयों में विस्फोट हो सकता है। इसके बाद विद्यालयों की जांच की गयी, मगर वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
उधर, एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी में प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल की चारदीवारी के बाहर हुए बम विस्फोट में दिल्ली पुलिस खालिस्तान कोण से जांच कर रही है। दरअसल सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में दावा किया गया है कि सीआरपीएफ स्कूल के पास हुआ बम धमाका भारतीय एजेंट्स द्वारा खालिस्तान समर्थकों को निशाना बनाने के जवाब में किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को एक संदिग्ध भी दिखा है, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
जांच एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि सोमवार रात को मिला फर्जी ईमेल किसने और कहां से भेजा। इस ईमेल में तमिलनाडु की कुछ राजनीतिक घटनाओं के बारे में जिक्र किया गया है। सीआरपीएफ विद्यालयों का संचालन नक्सल विरोधी, जम्मू कश्मीर में आतंकवाद रोधी और पूर्वोत्तर में उग्रवादी रोधी अभियानों में तैनात देश का सबसे बड़ा अर्द्धसैन्य बल करता है।




Add comment