
यूपी बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन करने वालों और मूल्यांकन कार्य में ड्यूटी करने वालों की पारिश्रमिक दर में बदलाव किया है। बदला हुआ पारिश्रमिक नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यिमक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की पारिश्रमिक दर बढ़ा दी गई है। मूल्यांकन कार्य में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को अगले शैक्षणिक सत्र 2025-26 से बढ़ी हुई दर के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जाएगा।
यूपी सरकार ने परीक्षा केंद्र और मूल्यांकन समेत संकलन केंद्रों पर काम करने वाले प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों की पारिश्रमिक दर भी बढ़ा दी है। विशेष सचिव आलोक कुमार ने 30 अक्तूबर को आदेश जारी करते हुए बढ़ी हुई दर के पारिश्रमिक की घोषणा की।
जारी आदेश के मुताबिक, केंद्र व्यवस्थापकों को अब प्रति शिफ्ट 100 रुपये और हर दिन 200 रुपये पारिश्रमिक मिलेगा। अभी तक यह प्रति शिफ्ट 80 रुपये और हर दिन 160 रुपये हुआ करता था। इसके अलावा, केंद्र व्यवस्थापकों को प्रति शिफ्ट 60 रुपये और हर दिन 120 रुपये कर दिया गया है। अभी तक यह प्रति शिफ्ट 53 रुपये और हर दिन 106 रुपये था। रूम इंचार्ज को हर दिन 96 रुपये की बजाए अब 100 रुपये का पारिश्रमिक मिलेगा।
आदेश के अनुसार, क्लर्क या बाबू को प्रति शिफ्ट 33 रुपये की बजाए 40 रुपये और बंडल वाहक को 16 रुपये की बजाए 20 रुपये मिलेंगे। जबकि, फोर्थ क्लास के कर्मचारियों को हर शिफ्ट 30 रुपये मिलेंगे, अब तक इन्हें 26 रुपये 50 पैसे मिलते थे। वहीं, संकलन केंद्र मुख्य नियंत्रक को रोजाना 67 रुपये की जगह 75 रुपये और उपनियंत्रक को 53 रुपये की जगह 60 रुपये दिए जाएंगे। सह उपनियंत्रक का पारिश्रमिक फीस 48 रुपये से 55 रुपये और कोठारी का 44 रुपये से 50 रुपये रोजाना कर दिया गया है।
आदेश के मुताबिक, थर्ड क्लास के कर्मचारियों का पारिश्रमिक शुल्क अब 30 रुपये से 40 रुपये रोजाना कर दिया गया है। वहीं, फोर्थ क्लास के कर्मचारियों को 14 रुपये की बजाए 20 रुपये रोजाना मिलेंगे। वहीं, मूल्यांकन केंद्र मुख्य नियंत्रक एवं उप नियंत्रक को प्रति एग्जामिनर 6 रुपये की बजाए 8 रुपये मिलेंगे, जबकि असिस्टेंट डिप्टी कंटोलर को प्रति एग्जामिनर 5 रुपये की बजाए 7 रुपये मिलेंगे।
सचिव के नए आदेश के अनुसार, जलपान व्यय भी बढ़ा दिया गया है। जलपान के लिए अभी 20 रुपये दिए जाते हैं, जो कि बढ़ाकर 25 रुपये कर दिए गए हैं। कक्ष नियंत्रक का पारिश्रमिक भी 60 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।




Add comment