
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण पर लगाम लगाने के विभिन्न प्रयासों के बाद भी यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। वायु प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भाजपा ने दिल्ली सरकार से कक्षा पांच तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश देने की मांग की है। साथ ही भाजपा ने इस मुद्दे पर आप पर निशाना साधते हुए दावा किया कि दिल्ली आज गैस चैंबर बन चुकी है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में आप सरकार को बच्चों को खतरनाक वायु गुणवत्ता से बचाने के लिए कक्षा पांच तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल बंद कर देने चाहिए। सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने में “पूरी तरह विफल” रही है और दावा किया कि पीएम 2.5 का स्तर 400 को पार कर गया है और पीएम 10 का स्तर 1,000 को पार कर गया है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली एक गैस चैंबर बन गई है, जहां हर कोई खांस रहा है और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहा है।” दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वायु प्रदूषण के सबसे बड़े शिकार बच्चे और बुजुर्ग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण के हानिकारक प्रभावों से निपटने के लिए कोई सरकारी क्लीनिक नहीं है, जहां दवाइयां दी जा रही हों। सचदेवा ने मांग की कि लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए दवाइयां वितरित करने की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी से मांग की है कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए पांचवीं तक स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी करें। साथ ही जिन बुजुर्गों को सांस की समस्या है, उनके लिए निर्देश जारी करे कि वे सुबह सैर पर न निकलें।
बीजेपी नेता ने कहा, “दिल्ली सरकार को दिल्ली के लोगों की चिंता नहीं है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि पंजाब से लगातार पराली जलाई जा रही है, लेकिन इस पर दिल्ली सरकार चुप है क्योंकि वहां पर आम आदमी पार्टी की सरकार है। दिल्ली में धूलकण के प्रदूषण ने यहां के लोगों के जीवन को नर्क बना दिया है।”




Add comment