Edinbox Hindi

स्कूल बस में लगी भीषण आग, बच्चों में मची चीख-पुकार; 16 बच्चों का किया रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में लगी आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। बस में आग लगते ही उसका चालक फरार हो गया। हालांकि लोगों ने किसी तरह बस से बच्चों को बाहर निकाल लिया। बस में करीब 16 बच्चे सवार थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना सुबह करीब 7.30 बजे की है। आग पर काबू पाने के बाद बस को मुख्य मार्ग से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली के प्रीत विहार स्थित मदर्स ग्लोबल स्कूल की थी। कौशांबी थाने के पीछे इसमें आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस को श्री रेजिडेंसी इलाके में स्कूल बस में आग लगने की सूचना मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि वैशाली फायर स्टेशन को बस में आग लगने की सूचना मिली थी। एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर देखा गया तो पूरी बस में आग फैल गई थी। दमकल की टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्कूल बस में आग लगते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई थी। स्कूल बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों के भी हाथ पैर फूल गए। हालांकि गनीमत रही कि सभी बच्चों को सकुशल बस से बाहर निकाल लिया गया था। सभी बच्चों के परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। जब बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, तब अभिभावकों ने राहत की सांस ली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed