
कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 2025 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। प्रवेश परीक्षा एक दिसंबर को होगी। प्रवेश पत्र ऑनलाइन माध्यम से ऑफिशियल वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर उपलब्ध करवाए गए हैं जहां से आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं। यूनिवर्सिटी की ओर से जारी की गई नोटिफिकेशन के मुताबिक एडमिट कार्ड का लिंक एक्टिव है। यह लिंक 1 दिसंबर 2024 दोपहर 1:30 बजे तक एक्टिव रहेगा। अभ्यर्थी इन तिथियों के अंदर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। यूजी (एलएलबी) और पीजी (एलएलएम) के लिए दो घंटे की प्रवेश परीक्षा दोपहर बाद दो बजे से शाम चार बजे तक संचालित होगी। इसमें सफल होने वाले विद्यार्थी क्लैट स्कोर के आधार पर देशभर के लॉ संस्थानों में नामांकन ले सकेंगे।
क्लैट 2025 के यूजी और पीजी के पेपर में इस वर्ष भी 150 की जगह 120 प्रश्न पूछे जायेंगे। मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चन (एमसीक्यू) आधारित प्रश्नों को हल करने के लिए विद्यार्थियों के पास 120 मिनट का समय होगा। प्रत्येक सही उत्तर पर विद्यार्थियों को एक अंक मिलेगा। वहीं, यूजी पेपर में प्रत्येक गलत उत्तर पर अभ्यर्थियों के 0.25 अंक काटे जायेंगे। एलएलबी के पेपर में इंग्लिश, करेंट अफेयर्स, लीगल रीजनिंग, लॉजिकल रीजनिंग और क्वांटिटेटिव टेक्निक्स पर आधारित प्रश्न पूछे जायेंगे।
आपको बता दें कि कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (Consortium of NLUs) की ओर से प्रतिवर्ष कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) का आयोजन किया जाता है। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों को लॉ क्षेत्र में ग्रेजुएशन एवं पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रदान किया जाता है। कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के अंतर्गत देश भर के 25 एनएलयू आते हैं। इन संस्थानों में बीए एलएलबी, बीबीए एलएलबी और एलएलएम की डिग्री हेतु नामांकन पाने के लिए क्लैट में सफल होना जरूरी होता है। इस वर्ष इस एग्जाम के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2024 से 15 अक्टूबर 2024 तक पूर्ण की गई थी।




Add comment