Edinbox Hindi

बिहार में 1.14 लाख शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा, बने विशिष्ट शिक्षक

बिहार में एक लाख 14 हजार 138 नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा मिल गया है। इसके लिए पटना समेत कई जिले में आज नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में 200 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा राज्य के 30 जिलों में जिला और प्रखंड स्तर पर शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। गया, भोजपुर, कैमूर, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, मुजफ्फरपुर में आचार संहिता लागू होने के कारण वहां नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम नहीं हुआ। इन सात जिलों में शिक्षकों को बाद में औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।  

पटना में सीएम नीतीश कुमार ने शिक्षको को नियुक्ति पत्र बांटा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने पटना के अधिवेशन भवन में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। जिन नियोजित शिक्षकों ने सक्षमता परीक्षा पास कर काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें अब राज्यकर्मी का दर्जा मिल गया है। नियुक्ति पत्र मिलते ही वे अब विशिष्ट शिक्षक कहलाने लगे हैं। बता दें कि इससे पहले सीएम नीतीश कुमार ने बीपीएससी पास शिक्षक अभ्यर्थियों को गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र दिया था। 

आज नियुक्ति पत्र केवल उन्हीं शिक्षकों को वितरित किया गया जिन्होंने सक्षमता परीक्षा पास कर काउंसलिंग प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। बता दें कि 48,000 ऐसे नियोजित शिक्षक जो सक्षमता परीक्षा पास करने के बाद काउंसलिंग में असफल हो गए हैं, उन्हें इसकी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि शिक्षक भर्ती परीक्षा के दो चरणों में दो लाख 17 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली हुई। इसी समय फैसला लिया गया था कि नियोजित शिक्षकों को सक्षमता परीक्षा पास करवाकर राज्यकर्मी का दर्जा दिलाया जाए। सरकार ने निर्णय लिया कि इन लोगों ने शुरू से काम किया है तो इन्हें राज्यकर्मी बनाया जाए। पहली सक्षमता परीक्षा में एक लाख 87 हजार 818 नियोजित शिक्षक पास हुए। दूसरी सक्षमता परीक्षा में 65 हजार नियोजित शिक्षक पास हुए। परीक्षा पास करने के बाद सभी लोग राज्यकर्मी बन जाएंगे। बाकी और परीक्षाएं ली जाएंगी। 85 हजार नियोजित शिक्षक शेष बचे हैं। हमलोग चाहते हैं कि उनकी भी परीक्षा हो जाए और पास कर सरकारी शिक्षक बन जाएं।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि नियोजित शिक्षक अब सक्षमता परीक्षा पास कर राज्यकर्मी बन गए हैं। आप सबलोग हाथ उठाकर शपथ लीजिए कि बच्चों को खूब पढ़ाइएगा। अच्छे से पढ़ाइएगा। आप सबलोगों को बहुत बहुत शुभकामनाएं।  

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed