
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) आज, 22 नवंबर को संयुक्त प्रवेश परीक्षा – मुख्य (JEE Mains 2025) सत्र 1 के लिए पंजीकरण विंडो बंद कर देगी। यानी जेईई मेन सत्र 1 परीक्षा के लिए पंजीकरण करने की आज अंतिम तिथि है। ऐसे उम्मीदवार जिन्हें इस परीक्षा के लिए आवेदन करना है, लेकिन अभी तक किन्हीं कारणों के चलते उन्होंने पंजीकरण नहीं किया है, उनके लिए आज आखिरी मौका है कि वे तुरंत आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in. पर जाकर पंजीकरण कर लें।
गौरतलब है कि एनटीए ने पूर्व में सूचित किया है कि अंतिम तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। लिहाजा इच्छुक उम्मीदवारों को तुरंत आवेदन करने की सलाह दी जाती है। जेईई मेन के लिए आवेदन पत्र भरने की समय सीमा में कोई विस्तार नहीं किया जाएगा।
आवेदन सुधार सुविधा 26 नवंबर से शुरू होगी। सुधार विंडो 27 नवंबर तक दो दिनों के लिए खुली रहेगी। आवेदन सुधार प्रक्रिया के दौरान, उम्मीदवारों को मोबाइल नंबर, ईमेल पता, स्थायी और वर्तमान पता, आपातकालीन संपर्क विवरण और उम्मीदवार की तस्वीर को छोड़कर सभी क्षेत्रों में परिवर्तन करने की अनुमति होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 22 जनवरी और 31 जनवरी को पहले सत्र के लिए जेईई मेन परीक्षा आयोजित करेगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ समय पहले जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में जारी किए जाएंगे। NTA ने बताया, “JEE Main 2025 ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर, 2024 है और इसके बाद कोई और विस्तार नहीं दिया जाएगा।”




Add comment