Edinbox Hindi

छात्र संघ चुनाव के दौरान ईटानगर में भड़की हिंसा, फायरिंग-मारपीट के बाद कई घायल, 10 गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में छात्रसंघ चुनाव के दौरान हिंसा भड़क उठी। इस हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 10 लोगों को हिंसा के मामलों में गिरफ्तार किया है। हिंसा के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। 

दरअसल अरुणाचल प्रदेश में ऑल न्याशी छात्र संघ (एएनएसयू) चुनाव के लिए सोमवार को मतगणना हो रही थी। मतगणना के दौरान ही दो गुटों में विवाद हो गया और ये विवाद मारपीट में बदल गया। पुलिस अधीक्षक (राजधानी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे मतगणना के दौरान सिद्धार्थ हॉल में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प हुई। उन्होंने बताया कि झड़प में धारदार हथियारों और लाठियों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले और स्टन ग्रेनेड दागे तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भीड़ पर लाठीचार्ज किया। उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रण में कर लिया गया, लेकिन पास की पहाड़ियों से छिटपुट गोलीबारी जारी रही। सिंह ने बताया कि हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। 

एसपी ने बताया कि प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच झड़पें अस्पतालों में फिर से शुरू हो गईं, जिससे घायल लोगों को भागना पड़ा। उन्होंने बताया कि जहां भीड़ पर गोलीबारी की गई थी, वहां से दो जिंदा कारतूस और एक इस्तेमाल किया हुआ गोला (केएफ 7.65) बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत ईटानगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने कहा कि गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

1982 में गठित एएनएसयू पूर्वोत्तर में सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक है। इसका  मुख्यालय ईटानगर में है। न्यीशी समुदाय का शीर्ष छात्र संगठन पापुम पारे, पूर्वी कामेंग, क्रा दादी, कुरुंग कुमेय, पक्के केसांग, केई पन्योर, कामले और ऊपरी सुबनसिरी जिलों के कुछ हिस्सों में सक्रिय है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed