
कर्नाटक के हासन जिले में अपनी पहली पोस्टिंग के बाद कार्यभार संभालने जा रहे भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक 26 वर्षीय अधिकारी की दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी हर्षबर्धन मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना रविवार शाम की है, जब हासन तालुक के किट्टाने के निकट पुलिस वाहन का टायर फट गया। इससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे एक घर और पेड़ से जा टकराया। हर्षबर्धन ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया था और सोमवार होलेनरसीपुर से परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के लिए हासन जा रहे थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्धन के सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई, जबकि चालक मंजेगौड़ा को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि आईपीएस अधिकारी ने हाल में मैसूर स्थित कर्नाटक पुलिस अकादमी में अपना चार सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया था और उन्हें हासन जिले में एएसपी के रूप में नियुक्ति मिली थी। उनके पिता एक उप-विभागीय मजिस्ट्रेट हैं।
हर्षबर्धन पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) बोरलिंगैया को रिपोर्ट कर रहे थे और हासन जा रहे थे। हर्षबर्धन का परिवार मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहता है। उन्होंने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी और 2022-23 कर्नाटक कैडर बैच के आईपीएस अधिकारी थे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अधिकारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, ‘हासन-मैसूर राजमार्ग के किट्टाने सीमा के पास एक भयानक दुर्घटना में आईपीएस अधिकारी हर्षबर्धन की मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ। यह बहुत दुखद है कि इस तरह की दुर्घटना तब हुई जब वह आईपीएस कार्यालय का कार्यभार संभालने जा रहे थे। उनकी वर्षों की मेहनत रंग ला रही थी, तब ऐसा नहीं होना चाहिए था। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि हर्षबर्धन की आत्मा को शांति मिले। मृतकों के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’




Add comment