Edinbox Hindi

दिल्ली के स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, जांच में सूचनाएं निकलीं झूठी

दिल्ली के कई स्कूलों को फिर से शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल भेजे गए। खबर मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। टीम को कहीं भी कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। दिल्ली के अलग-अलग स्कूलों को पहले भी इस तरह से धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। जांच-पड़ताल में मेल में दी गईं सूचनाएं झूठी निकली थीं।

जानकारी के मुताबिक, इस बार भेजे गए ई-मेल में पेरेंट्स टीचर्स मीटिंग का भी जिक्र किया गया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि किसी ने जान बूझकर ये लिखकर ई-मेल करके शरारत तो नहीं की है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया, “हमें पश्चिम विहार के भटनागर इंटरनेशनल स्कूल (सुबह 4:21 बजे), श्री निवास पुरी के कैम्ब्रिज स्कूल (सुबह 6:23 बजे) और ईस्ट ऑफ़ कैलाश के डीपीएस अमर कॉलोनी (सुबह 6:35 बजे) से (धमकी भरे ईमेल के बारे में) कॉल आए।”

फायर ब्रिगेड ने बताया कि अग्निशमन विभाग, पुलिस और बम डिटेक्शन टीमें, डॉग स्क्वॉड के साथ स्कूलों में पहुंच गई और जांच की गई। स्कूलों के अधिकारियों ने अभिभावकों को संदेश भेजा कि वे अपने बच्चों को स्कूल न भेजें। 

इससे पहले बीते 29 नवंबर को दिल्ली के रोहिणी में एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सुबह 10.57 बजे स्कूल में बम रखने की खबर फैलाई गई थी। जिसके बाद स्कूल की तलाशी ली गई थी। पुलिस को जांच के दौरान कुछ भी नहीं मिला था। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद खबर को झूठा करार दिया था।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed