
आईआईटी के इतिहास में पहली बार बीटेक के छात्र इंजीनियरिंग के साथ-साथ “फाइन आर्ट्स और कल्चर एक्सीलेंस” की पढ़ाई करेंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में आईआईटी मद्रास पहली बार बीटेक प्रोग्राम में “फाइन आर्ट्स और कल्चर एक्सीलेंस” कोर्स जोड़ने जा रहा है।
जेईई एडवांस 2025 की मेरिट के बाद इच्छुक उम्मीदवारों को इस कोर्स में दाखिले के लिए आईआईटी मद्रास के पोर्टल पर पंजीकरण करना जरूरी होगा। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईआईटी मद्रास आगामी सत्र से बीटेक में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ पारंपरिक डांस, म्यूजिक, पेंटिंग और कल्चर के बारे में भी पढ़ने का मौका मिलेगा।
आईआईटी में बीटेक पाठ्यक्रम में अभी तक छात्र इंजीनियरिंग विषयों की ही पढ़ाई होती थी। लेकिन बीटेक प्रोग्राम में पढ़ाई का तनाव दूर करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की सिफारिश के तहत छात्रों के समग्र विकास के मकसद से नए जमाने के कोर्स जोड़े जा रहे हैं। इसमें छात्र इंजीनियरिंग विषयों की पढ़ाई के साथ-साथ फाइन ऑर्ट्स और कल्चर विषयों की पढ़ाई कर पाएंगे। इसके बाकायदा क्रेडिट भी मिलेंगे।
आईआईटी प्रबंधन मंगलवार को बीटेक प्रोग्राम में फाइन आर्ट्स और कल्चर विषय को शुरू करने की घोषणा करेगा। इसमें विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल युवाओं को मौका मिलेगा।
इससे पहले आईआईटी मद्रास ने देश में सबसे पहले वर्ष 2024 में बीटेक में स्पोर्ट्स कोटा शुरू किया था। इसमें बीटेक के प्रति कोर्स दो सीट स्पोर्ट्स कोटे के लिए आरक्षित हैं। उसमें भी 50 फीसदी सीट बेटियों के लिए हैं। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाती है।




Add comment