Edinbox Hindi

क्या केंद्र सरकार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू करने जा रही है? सरकार ने दिया जवाब

केंद्र सरकार ने संसद में देश के बेरोजगार युवाओं को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के तहत बेरोजगारी लाभ प्रदान किए जाने के बारे में जानकारी दी है। दरअसल पिछले सप्ताह हुए संसद के शीतकालीन सत्र में, सांसद जी सी चंद्रशेखर ने सरकार से देश के बेरोजगार युवाओं के बढ़ती महंगाई से निपटने में उनकी मदद करने के लिए बेरोजगारी भत्ते की पेशकश करने वाली स्कीम शुरू करने की योजना के बारे में पूछा था। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा था कि क्या सरकार ने इस संबंध में कोई प्रस्ताव तैयार किया है?

इस सवाल का जवाब देते हुए, श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा है कि युवाओं के कल्याण के साथ रोजगार पैदा करना सरकार की प्राथमिकता है और इस पर सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक सतत और गतिशील प्रक्रिया है। श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने अपने जवाब में कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (Employees’ State Insurance Corporation – ESIC) की अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना (Atal Beemit Vyakti Kalyan Yojana – ABVKY) के तहत, पात्रता के मुताबिक, नौकरी खोने वाले बीमित श्रमिकों (Insured workers) को बेरोजगारी लाभ का फायदा दिया जाता है।

उन्होंने कहा, “अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना के तहत बेरोजगारी लाभ औसत दैनिक कमाई का 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया गया है, जो 90 दिनों तक देय है।  इसके साथ ही बीमित श्रमिकों के लिए इस लाभ का दावा करने के लिए पात्रता शर्तों में छूट भी दी गई है।” 

इस बीच श्रम मंत्रालय ने भी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि भारत में पिछले कुछ सालों में रोजगार में काफी वृद्धि देखने को मिली है। सरकार का कहना है कि रोजगार में लगभग 36% की वृद्धि हुई है, 2016-17 और 2022-23 के दौरान लगभग 170 मिलियन यानी 17 करोड़ नौकरियां पैदा हुई हैं। भारत की इकोनॉमिक ट्राजेक्टोरी (Economic trajectory) प्रमुख क्षेत्रों में लगातार पैदा हो रहे रोजगारों (job creation) को दर्शाती है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed