
हैदराबाद के मेडचल में स्थित सीएमआर इंजीनियरिंग कॉलेज में लड़कियों के हॉस्टल के बाथरूम में अनुचित वीडियो रिकॉर्डिंग का मामला सामने आया है। गर्ल्स हॉस्टल में वीडियो रिकॉर्डिंग के आरोपों के सामने आने के बाद बवाल मच गया। इस घटना से परेशान छात्र-छात्राओं ने खूब विरोध प्रदर्शन किया और अपना गुस्सा जाहिर किया। साथ ही छात्राओं ने अधिकारियों से इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने इस मामले कुछ गिरफ्तारियां की हैं और मामले की जांच चल रही है।
बता दें कि यह घटना तब उजागर हुई जब कुछ छात्रों को संदेह हुआ कि छात्रावास के बाथरूम में गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि अपराधी छात्रावास के रसोई घर में काम करने वाले लोग हो सकते हैं। इस चौंकाने वाले खुलासे से छात्र भड़क गए, जिसके कारण न्याय की मांग को लेकर कॉलेज के बाहर छात्र-छात्राएं इकट्ठा हो गए और जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही मेडचल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और उनमें से कुछ को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों के थाने ले जाकर पुलिस जांच कर रही है। यह घटना हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करती है। कॉलेज प्रबंधन ने अभी तक इस घटना पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
बता दें कि ऐसी घटना पहली बार देखने को नहीं मिल रही है। इससे पहले पंजाब के मोहाली की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी की एक लड़की पर आरोप लगा था कि उसने हॉस्टल की 5 से 6 छात्राओं का नहाते वक्त वीडियो बनाकर अपने दोस्त को शेयर किया था। बीएचयू की एक छात्रा संग दुष्कर्म मामले में भी छात्रों ने खूब विरोध प्रदर्शन किया था।




Add comment