
बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं पीटी परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर आज पूरे राज्य में विरोध-प्रदर्शन हुआ। गौरतलब है कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने आज बिहार बंद बुलाया था और पूरे राज्य में हाईवे और रेलवे ट्रैक पर चक्का जाम करने का एलान किया था। उनके आह्वान पर समर्थकों ने पटना, पूर्णिया, गया, औरंगाबाद, आरा, मधेपुरा, बेगूसराय समेत राज्य के तमाम जिलों में प्रदर्शन किया। पटना में सचिवालय हॉल्ट के पास पप्पू यादव के समर्थक रेलवे ट्रैक पर उतर गए। यात्री ट्रेन को रोक दी। इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारी नीतीश सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। ट्रेन निकलते ही रेलवे ट्रैक पर लेटकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ देर बाद पटना पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को ट्रैक से हटाया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी।
वहीं प्रशांत किशोर का प्रदर्शन आज भी जारी रहा। वह गांधी मूर्ति के पास अपने समर्थकों के साथ अनशन पर बैठे हुए हैं। सैकड़ों छात्र प्रशांत किशोर के साथ नीतीश सरकार के विरोध में नारेबाजी करते नज़र आये। इनकी मांग है कि बिहार लोक सेवा आयोग 70वीं पीटी परीक्षा को रद्द करे और फिर से परीक्षा ले।
सांसद पप्पू यादव द्वारा राज्य भर में एनएच-एसएच और रेल चक्का जाम करने के राज्यव्यापी आह्वान पर औरंगाबाद में छात्र-युवा शक्ति के बैनर तले पप्पू समर्थक सड़क पर उतरे। समर्थकों ने एनएच-19 को कामा बिगहा के पास जाम कर दिया। इसके बाद सभी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होने 70वीं बीपीएससी की पुनर्परीक्षा की मांग की। उनके सड़क पर धरना पर बैठ जाने से एनएच पर वाहनों का जाम लग गया।
गया में बीपीएससी छात्रों के समर्थन में पप्पू यादव के समर्थक सड़कों पर उतरे। समर्थकों ने सड़क जामकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम कर रहे पप्पू यादव के समर्थक राजीव कुमार कन्हैया ने कहा कि हमलोग बीपीएससी छात्रों के समर्थन में सड़क जाम कर रहे हैं। पप्पू यादव के नेतृत्व में राज्यव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। हमलोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और रेल चक्का जाम करने का काम किया है। जिस तरह से बीपीएससी के छात्रों पर लाठी-डंडे बरसाए गए, हमलोग इसकी कड़ी निंदा करते हैं। सरकार छात्रों की मांगों को पूरा करे, बीपीएससी की दोबारा परीक्षा ली जाए, अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है तो और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, साथ ही पूरे बिहार को बंद कराया जाएगा।
पूर्णिया में भी सांसद पप्पू यादव के बिहार बंद का असर देखने को मिला। पप्पू यादव के समर्थक सड़क और रेल मार्ग पर उतरे और वाहनों और ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया। हालांकि पूर्णिया जंक्शन पर ट्रेन रोकने जा रहे समर्थकों को रेलवे पुलिस ने स्टेशन के बाहर ही रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए पहले से शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस प्रशासन की ओर फोर्स तैनात किया गया था।
आरा में 70 वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग और अभ्यर्थियों पर हुई लाठीचार्ज के खिलाफ छात्र युवा शक्ति द्वारा एनएच- 30 को जाम कर दिया गया। पप्पू यादव की ओर से बुलाये गये बंद के समर्थन पर प्रदर्शनकारियों न जमकर हंगामा किया। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। छात्र नेताओं के द्वारा मौके पर जमकर उग्र प्रदर्शन किया गया। युवा शक्ति नेता ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में अभ्यर्थी सुबह से ही नवादा थाना क्षेत्र के धोबी घटवा मोड़ के पास पहुंचे और एनएच 30 पर आगजनी कर जाम कर दिया। इस दौरान सड़क जाम की वजह से आरा-सासाराम आरा-मोहनिया और आरा-पटना मुख्यमार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। इससे इस मार्ग से गुजरने वाली छोटी बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें भी लग गई और इस रास्ते से गुजरने वाले यात्री भी काफी परेशान दिखे।
मधेपुरा में युवा शक्ति के कार्यकर्ता पुरानी बस स्टैंड चौक पर सड़क जामकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बिहार सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की। यह सभी सांसद पप्पू यादव के आह्वान पर एकत्र हुए थे। इनका कहना था कि जबतक बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा को कैंसिल नहीं करती तब तक इनका आंदोलन जारी रहेगा।
सांसद पप्पू यादव के बिहार बंद के एलान का असर बेगूसराय में भी देखने को मिला। पप्पू यादव के समर्थकों ने सुबह से ही एनएच 31 को जाम कर दिया और नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी की। इस दौरान एनएच 31 को जामकर दिया और जमकर बिहार सरकार खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि बीपीएससी परीक्षा में पूरी तरह से धांधली हुई। लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों पर पुलिस के द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज की जा रही है। इसी के विरोध में आज पूरे में बिहार का चक्का जाम है। हमलोगों की मांग है कि बीपीएससी परीक्षा पूरी तरह से रद्द किया जाए अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमलोगों का आंदोलन जारी रहेगा।




Add comment