Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय में बढ़ेंगी 10 हजार सीटें, कंप्यूटर साइंस व एआई के कोर्स भी होंगे शुरू

दिल्ली विश्वविद्यालय की तीन नई परियोजनाओं का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को शिलान्यास किया। इनमें पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में ईस्ट कैंपस और द्वारका में वेस्ट कैंपस शामिल हो गया है। साथ ही, नजफगढ़ में स्थित डीयू के रोशनपुरा परिसर में वीर सावरकर के नाम से एक नए कॉलेज का निर्माण होगा। इन दोनों कैंपस व कॉलेज का निर्माण पूरा होने के बाद डीयू में अतिरिक्त 10 हजार सीटें विभिन्न पाठ्यक्रमों की जुड़ेंगी। ईस्ट कैंपस और वेस्ट कैंपस के साथ नए कॉलेज का निर्माण होने के बाद 2026-27 के शैक्षणिक सत्र में पहले चरण के तहत पांच हजार अतिरिक्त सीटें डीयू में शामिल हो सकेंगी। इससे दिल्ली के छात्रों को इन दोनों कैंपस और नए कॉलेज में दाखिले का अवसर मिलेगा। इसके बाद दूसरे चरण में वर्ष 2030 तक अतिरिक्त पांच हजार सीटें और शामिल होने की उम्मीद डीयू के शिक्षकों ने जताई है।

डीयू के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की तरफ से डीयू के दो कैंपस और एक कॉलेज का शिलान्यास किया गया। यह डीयू और विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए गर्व की बात है। ईस्ट कैंपस और वेस्ट कैंपस के शुरू होने के बाद यहां पर कई नए पाठ्यक्रम शुरू होंगे। कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस से जुड़े नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। साथ ही, इन दोनों कैंपस का नॉर्थ कैंपस के साथ भी बेहतर तालमेल होगा। कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी तीनों कैंपस में एक साथ आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।

डीयू के शिक्षकों के अनुसार, 30 वर्षों से दिल्ली विश्वविद्यालय को नए कॉलेज के निर्माण का इंतजार था। अब यह सपना पूरा हो रहा है। नए कॉलेज के शुरू होने के बाद यहां पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्रों को दाखिले का अवसर मिलेगा।

पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में बनने वाले डीयू के ईस्ट कैंपस में लॉ फैकल्टी (विधि संकाय) का निर्माण होगा। इस परियोजना में 15.25 एकड़ के निर्मित क्षेत्र में 373 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अकादमिक भवन का निर्माण किया जाएगा।द्वारका में बनने वाले डीयू के वेस्ट कैंपस के पहले चरण में 19434.28 वर्ग मीटर के निर्मित क्षेत्र में 107 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नए अकादमिक भवन का निर्माण किया जाएगा। नजफगढ़ स्थित डीयू के रोशनपुरा परिसर में डीयू का नया कॉलेज बनेगा। इस परियोजना में 18816.56 वर्ग मीटर के निर्मित क्षेत्र में 140 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से वीर सावरकर के नाम पर एक नए कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed