Edinbox Hindi

विदेशी छात्रों को भारत सरकार की सौगात, दो विशेष श्रेणी के वीजा की शुरुआत

भारत में पढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल भारत सरकार ने देश में शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विदेशी छात्रों के लिए दो विशेष श्रेणी के वीजा की शुरुआत की है। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी और बताया कि गृह मंत्रालय ने ई-स्टूडेंट वीजा और ई-स्टूडेंट एक्स वीजा की शुरुआत की है। इसके लिए आवेदन सरकार द्वारा शुरू की गई स्टडी इन इंडिया (SII) पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ई-स्टूडेंट वीजा सुविधा का लाभ एसआईआई पोर्टल पर पंजीकृत पात्र विदेशी छात्र उठा सकते हैं, जबकि ई-स्टूडेंट-एक्स वीजा, ई-स्टूडेंट वीजा रखने वालों के आश्रितों को दिया जाता है।

एसआईआई पोर्टल उन अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाता है जो भारत में दीर्घकालिक या अल्पकालिक पाठ्यक्रम करना चाहते हैं। स्टूडेंट्स को https://indianvisaonline.gov.in/ पोर्टल पर अलग से वीजा के लिए आवेदन करना होगा, लेकिन उनके आवेदन की प्रामाणिकता एसआईआई आईडी द्वारा जांची जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इसलिए स्टूडेंट्स के लिए एसआईआई वेबसाइट के माध्यम से भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों में आवेदन करना अनिवार्य है। स्टूडेंट्स एसआईआई के किसी भी साझेदार संस्थान से प्रवेश पत्र प्राप्त करने के बाद वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि ई-स्टूडेंट वीजा ऐसे विदेशी नागरिकों को दिया जाएगा, जो भारत में अध्ययन के लिए प्रवेश प्राप्त करते हैं और जो भारत में वैधानिक और नियामक निकाय द्वारा विधिवत मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में नियमित, पूर्णकालिक, ग्रेजुएशन, स्नातकोत्तर(पीजी), पीएचडी और ऐसे अन्य औपचारिक कार्यक्रमों में अध्ययन करना चाहते हैं। छात्र वीजा पाठ्यक्रम की अवधि के आधार पर पांच साल तक के लिए जारी किए जाते हैं। इन्हें भारत में बढ़ाया भी जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा, वैध ई-स्टूडेंट वीजा रखने वाले लोग आव्रजन चेक पोस्ट के किसी भी वांछित बंदरगाह से भारत में प्रवेश कर सकते हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed