
आईआईटी-खड़गपुर के एक 21 वर्षीय छात्र ने अपने छात्रावास के कमरे में ख़ुदकुशी कर ली। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र शॉन मलिक को हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया। छात्र को उसके माता-पिता ने मृत पाया, जब रविवार को वे उससे मिलने छात्रावास आये। छात्र शॉन मलिक कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के थर्ड इयर का छात्र शॉन मलिक आईआईटी-खड़गपुर के आजाद हॉल ऑफ रेजिडेंस में रह रहा था। संस्थान के एक अधिकारी के अनुसार बार-बार बुलाने पर भी जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो उसके माता-पिता और संस्थान के कर्मचारियों को जबरन छात्रावास के कमरे का दरवाजा खोलना पड़ा।
आईआईटी खड़गपुर के डॉयरेक्टर अमित पात्रा ने कहा, “इस कदम का कारण स्पष्ट नहीं है। हमें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।” संस्थान ने मौत की आंतरिक जांच करने की बात कही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की भी बात कही है। पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आईआईटी-खड़गपुर ने एक बयान में कहा, “विद्युत इंजीनियरिंग विभाग के तीसरे वर्ष के छात्र शॉन मलिक की अचानक मौत पर छात्र, कर्मचारी और संकाय सदस्य बहुत सदमे में हैं। वह 12 जनवरी की सुबह आजाद हॉल ऑफ रेजिडेंस परिसर में मृत पाए गए।” आजाद हॉल ऑफ रेजिडेंस संस्थान के छात्रावासों में से एक है।
संस्थान ने आगे कहा, “घटना का पता चलने पर, परिसर की सुरक्षा और चिकित्सा टीमों को तुरंत सतर्क कर दिया गया… पुलिस मलिक की मौत के आसपास की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। संस्थान अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है।”
मलिक को शैक्षणिक रूप से प्रतिभाशाली छात्र बताते हुए संस्थान ने कहा, “वह अपनी बुद्धिमत्ता, समर्पण और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आशाजनक भविष्य के लिए जाने जाते थे।”
आईआईटी-खड़गपुर ने कहा कि वह अपने छात्रों की भलाई और मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रतिबद्ध है। “हमारे पास परामर्श और मानसिक स्वास्थ्य संसाधनों सहित कई प्रकार की सहायता सेवाएं उपलब्ध हैं, और हम छात्रों से आग्रह करते हैं कि जब भी जरूरत हो, वे इन सेवाओं का उपयोग करें।”
कुछ दिन पहले, आईआईटी-खड़गपुर के एक जूनियर लैब तकनीशियन-सह-सहायक का शव परिसर के एक क्वार्टर से बरामद किया गया था। आईआईटी-खड़गपुर में हाल के वर्षों में छात्रों की मौत की भी कई घटनाएं हुई हैं। जून 2024 में आईआईटी-खड़गपुर की एक अन्य छात्रा देविका पिल्लई कॉलेज परिसर में लटकी हुई पाई गई थी। अक्टूबर 2023 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष के छात्र के किरण चंद्रा मृत पाए गए थे। इससे पहले 2022 में आईआईटी के एक अन्य छात्र फैजान अहमद परिसर में मृत पाए गए थे।




Add comment