
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने एक कार्यक्रम में कहा कि श्रम मंत्रालय देश के सभी प्रमुख विश्वविद्यालयों में करियर काउंसलिंग सेंटर स्थापित करेगा। इनसे युवाओं को सार्थक करियर अपनाने में मदद मिलेगी और उनके लिए बेहतर राेजगार अवसरों का सृजन हो सकेगा।
श्रम मंत्री ने बताया, ‘यह त्रिस्तरीय कवायद होगी। इसमें औद्योगिक निकाय जैसे सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ), विश्वविद्यालय और सरकार (श्रम मंत्रालय) शामिल होने वाले हैं। इससे पढ़ाई कर रहे छात्रों को अपना रास्ता बेहतर ढंग से चुनने में मदद मिलेगी। जब मांग बढ़ेगी तो कौशल का स्वत: सृजन होगा। इस तरह की पहल में छात्र खासी रुचि रखेंगे।’
कार्यक्रम का आयोजन औद्योगिक निकाय सीआईआई और केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने संयुक्त रूप से किया था। इसका उद्देश्य काम के भविष्य की खोज और यह देश में रोजगार परिदृश्य को कैसे बदलेगा, इस पर ध्यान केंद्रित करना था। श्रम मंत्री ने उद्योग को उसकी जरूरत के आधार पर कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने वालों को प्रतिष्ठान का दर्जा देने का विचार भी रखा।




Add comment