
बिहार में 80,000 शिक्षकों की फिर बहाली होगी। इसका ऐलान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद किया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल से जानकारी दी कि चौथे चरण में 80 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने लिखा, ‘बिहार में फिर से 80 हजार शिक्षकों की होगी बहाली! युवा मन लगाकर पढ़ें, बहाली एनडीए सरकार दे रही भरपूर।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पोस्ट के जरिए यह भी बताया कि, एनडीए सरकार भरपूर बहाली दे रही है। टीआरई-4 में 80 हजार से अधिक पदों पर भर्ती होगी। टीआरई-3 में 21,397 पद जो खाली रह गए थे उसे टीआरई-4 में शामिल किया जाएगा। यह भी कहा गया है कि बिहार के 75 हजार स्कूलों में सात लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की योजना है।
पोस्ट के अनुसार, बीपीएससी टीआरई-4 में टीआरई 1, 2, 3 जैसे ही योग्यता मापदंड होंगे। प्राथमिक शिक्षक बनने के लिए 12वीं पास होने के साथ डीएलएड किया होना जरूरी होगा। वहीं मिडिल स्कूल के लिए ग्रेजुएट होने के साथ डीएलएड होना चाहिए। माध्यमिक शिक्षक (TGT) के लिए ग्रेजुएशन के साथ डीएलएड/बीएड जरूरी है। वहीं पीजीटी (PGT) के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ बीएड चाहिए। मालूम हो कि, कुछ दिन पहले कृषि विभाग में 3000 पदों पर नौकरी के लिए विज्ञापन जल्द निकालने का ऐलान मंत्री मंगल पांडेय ने किया था। गौरतलब है कि, विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार हर वर्ग के लोगों के लिए सौगातों की बौछार कर रही है। ‘प्रगति यात्रा’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक हजारों करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर चुके हैं।




Add comment