Edinbox Hindi

कितना पढ़े-लिखे हैं अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप? 

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली है। डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में कई पूर्व राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के जज, ट्रंप का पूरा कैबिनेट, उनके परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ तमाम देशों के शीर्ष प्रमुख और कई टेक कंपनियों के दिग्गज भी मौजूद रहे। न्यूयॉर्क के क्वीन्स में साल 1946 में जन्मे डोनाल्ड जॉन ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं। इस बार देश के सर्वोच्च पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप मैदान में थे और उन्होंने कमला हैरिस को हराते हुए जीत हासिल की थी। 

अरबों डॉलर के मालिक डोनाल्ड ट्रंप फ्रेड और मैरी ट्रंप की चौथी संतान हैं। ट्रंप कुल चार भाई बहन थे। उनके पिता एक सफल रियल एस्टेट डेवलपर थे। ट्रंप के भी रियल एस्टेट और होटल सहित कई बिजनेस हैं। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति सार्वजनिक तौर पर ज्ञात नहीं है, लेकिन फोर्ब्स मैगजीन का अनुमान है कि ट्रंप की संपत्ति 6.6 बिलियन डॉलर के करीब हो सकती है। 

डोनाल्ड ट्रंप पिछले कुछ सालों में एक जबरदस्त वक्ता और कुशल नेता के तौर पर उभरे हैं। राजनीति में आने से पहले वह अपना बिजनेस संभाल रहे थे। ट्रंप की राजनीति के बारे में हर कोई जानता है, लेकिन बहुत ही कम लोगों को मालूम है कि उन्होंने कहां तक पढ़ाई की हुई है। डोनाल्ड ट्रंप ने ना सिर्फ अमेरिका के प्रतिष्ठित पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की है, बल्कि उन्हें कई यूनिवर्सिटीज की मानद उपाधियां भी मिली हुई है। 

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले संडे स्कूल से अपनी पढ़ाई की शुरुआत की। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप की स्कूलिंग न्यूयॉर्क मिलिट्री एकेडमी से हुई। यह एक प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल था। इसमें उन्होंने 1959 में 13 वर्ष की उम्र में एडमिशन लिया था। ट्रंप ने यहां 1959 से 1964 तक यानी पांच सालों तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के फोर्डहम यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया। यहां उन्होंने 1964-66 के बीच पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह व्हार्टन स्कूल ऑफ फाइनेंस, पेंसेल्वेनिया में कॉमर्स की पढ़ाई करने चले गए। यहां से उन्होंने साल 1966 में इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने साल 1971 में पिता का रियल एस्टेट बिजनेस ज्वाइन कर लिया। इसे उन्होंने ट्रंप ऑर्गनाइजेशन नाम का ब्रांड बनाया। 

2015 में राजनीति में आने के बाद से ट्रंप को कई मानद उपाधियां भी मिली हैं, जिनमें से दो को छोड़कर सभी को रद्द कर दिया गया है। 2010 में, स्कॉटलैंड में रॉबर्ट गॉर्डन यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया। ट्रंप ने जब अमेरिका में मुस्लिमों को पूर्ण रूप से बैन करने की मांग की तो यूनिवर्सिटी ने 2015 में उनकी डिग्री वापस ले ली।

डोनाल्ड ट्रंप को 1988 में लेहाई यूनिवर्सिटी से कानून में डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिली। यूनिवर्सिटी ने 6 जनवरी को अमेरिका संसद पर हमले के बाद 2021 में डिग्री रद्द कर दी। इसी तरह, वैगनर कॉलेज ने संसद पर हमले के दो दिन बाद 2004 में दी गई मानवीय पत्रों की ट्रंप की मानद डॉक्टरेट उपाधि को रद्द कर दिया। ट्रंप के पास अब सिर्फ दो मानद उपाधियां हैं। 2012 में क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी और 2017 में लिबर्टी यूनिवर्सिटी ने ट्रंप को मानद उपाधियों से सम्मानित किया।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed