Edinbox Hindi

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति को मिली जान से मारने की धमकी, तीन नंबरों से आया फोन

कानपुर में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक को अलग-अलग नंबरों से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई है। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अफसरों के मुताबिक 4 दिनों से धमकी दी जा रही है। विवि के सुरक्षा अधिकारी की ओर से कल्याणपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉक्टर राघवेंद्र सिंह की ओर से कल्याणपुर थाने में तहरीर दी गई है। इसके अनुसार कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के मोबाइल पर 18 जनवरी को अलग-अलग तीन नंबरों से अज्ञात शख्स ने कॉल किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने जब फोन करने वाले से धमकाने की वजह जाननी चाही, तो आरोपी ने फोन काट दिया।

इसके बाद अन्य तीन दिन भी उसने दूसरे नंबरों से फोन कर फिर से कुलपति को धमकाया। इसकी जानकारी होने पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अफसरों में खलबली मच गई। परिसर में कई तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सुरक्षा अधिकारी को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। 

एसीपी कल्याणपुर अभिषेक कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अज्ञात कॉलर की तलाश की जा रही है। इसके अलावा जिन नंबरों से धमकी भरा फोन आया था उनको सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed