
झारखंड में कक्षा 8वीं और 9वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कक्षा आठवीं और नौवीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी है। इस संबंध में एक नोटिस भी जारी किया गया है। नोटिस को झारखंड एकेडमिक काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट jacexamportal.in पर जारी किया गया है। पहले आठवीं की परीक्षा 28 जनवरी को और नौवीं की परीक्षा 29 और 30 जनवरी को होने वाली थी।
जारी किए गए नोटिस मे कहा गया है कि “कक्षा 08 एवं 09 परीक्षा, 2025 में सम्मिलित होनेवाले नियमित / स्वतंत्र छात्र/छात्रा, उनके अभिभावकों, संबंधित विद्यालय के प्रधानों तथा संबंधित पदाधिकारियों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 28.01.2025 को आयोजित कक्षा-08 की परीक्षा एवं दिनांक 29.01.2025 से 30.01.2025 तक आयोजित होने वाली कक्षा-09 की परीक्षा अपरिहार्य कारणवश स्थगित की जाती है। उक्त परीक्षाओं के आयोजन की तिथि से संबंधित सूचना बाद में प्रकाशित की जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया जाता है कि परिषद् द्वारा उपलब्ध कराये गये परीक्षा से संबंधित सभी सामग्रियों को सुरक्षित संधारित करना सुनिश्चित करेंगे।”
बता दें कि जैक के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद 18 जनवरी के बाद से खाली पड़े हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जैक अध्यक्ष के बिना आठवीं और नौवीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित कर दी गई हैं। अध्यक्ष को ही परीक्षा संचालन और गोपनीय कार्यों की जिम्मेदारी दी जाती है, और उनके न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। 2021 में भी इसी तरह की समस्या सामने आई थी, जिसके कारण मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा के पहले टर्म को स्थगित करना पड़ा था।




Add comment