
4 अक्तूबर 1957 को जब सोवियत संघ ने स्पूतनिक 1 को अंतरिक्ष में लॉन्च किया, तो पूरे अमेरिका में हलचल मच गई। इसे “स्पूतनिक संकट” कहा गया, क्योंकि इसने अमेरिकी वैज्ञानिकों और नेताओं को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि अगर सोवियत संघ इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) तकनीक से एक उपग्रह भेज सकता है, तो वह अमेरिका पर परमाणु हमला भी कर सकता है। इस भय ने 1958 में नासा (NASA) की स्थापना की नींव रखी और इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास बन गया।
आज, कुछ वैसा ही दृश्य फिर से दोहराया जा रहा है, लेकिन इस बार युद्ध अंतरिक्ष में नहीं बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की दुनिया में हो रहा है। जिस तरह स्पूतनिक 1 ने अमेरिका में डर का माहौल बनाया था, उसी तरह चीन के डीपसीक एआई ने अमेरिकी टेक्नोलॉजी जगत को हिला दिया है। ट्रंप के सत्ता में आने के बाद चीन ने डीपसीक नाम के एक एआई टूल से अमेरिका की तकनीकी बढ़त को चुनौती दी है। इस टूल के लॉन्च होते ही NVIDIA जैसी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों को 600 बिलियन डॉलर का भारी नुकसान उठाना पड़ा। मेटा, टेस्ला, गूगल जैसी अन्य दिग्गज कंपनियों पर भी इसका असर पड़ा और एआई बाजार के नियम ही बदल गए।
यह स्पष्ट संकेत है कि दुनिया अब एक नए तकनीकी शीतयुद्ध में प्रवेश कर चुकी है, जहाँ हथियारों की जगह डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) ने ले ली है। ऐसे में सवाल उठता है कि डीपसीक एआई आखिर क्या है, जिसने अमेरिका के टेक उद्योग को हिलाकर रख दिया?
डीपसीक एआई एक एडवांस्ड एआई पावर्ड चैटबॉट है, जिसका कार्यप्रणाली चैटजीपीटी से मिलती-जुलती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी क्षमता OpenAI के O1 मॉडल जितनी शक्तिशाली है, जिसे पिछले साल के अंत में लॉन्च किया गया था। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि डीपसीक को ट्रेनिंग देने में बेहद कम जीपीयू का इस्तेमाल किया गया, फिर भी इसकी कार्यकुशलता चैटजीपीटी के बराबर है। कई बेंचमार्क टेस्ट्स में डीपसीक ने न केवल चैटजीपीटी बल्कि गूगल और मेटा के अत्याधुनिक एआई मॉडल्स को भी पीछे छोड़ दिया।
डीपसीक के सबसे नए मॉडल R1 को मात्र 5.6 मिलियन डॉलर की लागत में विकसित किया गया, जबकि अमेरिकी एआई मॉडल्स पर खर्च की तुलना में यह लागत कई गुना कम है। जहाँ OpenAI का चैटजीपीटी प्लस इस्तेमाल करने के लिए यूज़र्स को $20 मासिक शुल्क देना पड़ता है, वहीं डीपसीक एआई पूरी तरह मुफ्त है।
सबसे खास बात यह है कि डीपसीक एआई को ओपन सोर्स बना दिया गया है। कोई भी व्यक्ति जिसके पास अच्छा GPU युक्त कंप्यूटर है, वह अपने लैपटॉप में डीपसीक को इंस्टॉल कर सकता है और बिना इंटरनेट के भी इसका इस्तेमाल कर सकता है। इसे न किसी सर्वर एक्सेस की जरूरत होती है और न ही कोई सब्सक्रिप्शन शुल्क देना पड़ता है।
चीन का यह कदम अमेरिका के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। अमेरिका ने चीन पर एडवांस कंप्यूटिंग चिप्स के निर्यात पर बैन लगा दिया था, ताकि चीन एआई डेवलपमेंट में पीछे रह जाए। लेकिन डीपसीक एआई ने यह साबित कर दिया कि चीन अपने संसाधनों के साथ भी प्रतिस्पर्धी एआई सिस्टम बना सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह एआई बाजार में शक्ति संतुलन को बदल सकता है और अमेरिका की तकनीकी बढ़त को चुनौती दे सकता है।
डीपसीक सिर्फ एक एआई टूल नहीं, बल्कि भविष्य की झलक है। जिस तरह 1957 में स्पूतनिक 1 के लॉन्च ने अमेरिका को एक नई दौड़ में धकेला, जिसके परिणामस्वरूप इंसान पहली बार चंद्रमा पर कदम रख सका, उसी तरह 2025 में डीपसीक एआई ने अमेरिका के टेक साम्राज्य को हिला दिया है। अब सवाल यह उठता है कि क्या अमेरिका इस चुनौती का जवाब दे पाएगा, या फिर यह तकनीकी युद्ध चीन के पक्ष में झुक जाएगा?




Add comment