
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2025 के उम्मीदवारों को राहत देने के लिए एक नई सुविधा शुरू की है, जिससे परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हो गई है। अब उम्मीदवार जेईई मेन 2025 पंजीकरण के दौरान आधिकारिक वेबसाइट examservices.nic.in पर जाकर परीक्षा शहरों की पूरी सूची देख सकते हैं और अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार केंद्र चुन सकते हैं।
जेईई मेन 2025 के सत्र-2 की परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 1 फरवरी से आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर शुरू हो चुकी है। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 25 फरवरी निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 1 अप्रैल से 8 अप्रैल, 2025 के बीच आयोजित की जाएगी। इस बार एनटीए ने परीक्षा शहरों की संख्या में बदलाव किया है, पिछले वर्ष की तुलना में इस साल परीक्षा केंद्रों की संख्या 300 से घटाकर 284 कर दी गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों की संख्या भी 24 से घटाकर 14 कर दी गई है।
उम्मीदवारों के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची देखना भी आसान कर दिया गया है। इसके लिए सबसे पहले उन्हें जेईई मेन 2025 की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाना होगा। वहां नवीनतम समाचार अनुभाग में “जेईई (मुख्य) 2025 सत्र-2 के लिए पंजीकरण लाइव है!” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद “जेईई (मुख्य) 2025 सत्र-2 के लिए पंजीकरण” लिंक पर क्लिक करने पर वे एक नए पेज पर पहुंच जाएंगे। यहां “ऑनलाइन आवेदन करने के चरण” बॉक्स के तहत “परीक्षा शहर देखें” विकल्प पर क्लिक करने के बाद उम्मीदवारों को निवास का देश, राज्य और प्रश्न पत्र का माध्यम चुनना होगा। फिर कैप्चा कोड दर्ज कर “आगे बढ़ें” बटन दबाने पर परीक्षा राज्य, परीक्षा शहर कोड और परीक्षा शहर के नाम की पूरी सूची स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी।
जेईई मेन 2025 पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आवेदकों को प्राथमिकता के क्रम में अपनी पसंद के चार परीक्षा शहरों का चयन करना होगा, जिससे वे अपने अनुकूल परीक्षा केंद्र प्राप्त कर सकें।




Add comment