
अनुराग यूनिवर्सिटी ने वैश्विक शिक्षा को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से अमेरिका की एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी (ASU) के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग से अनुराग यूनिवर्सिटी (AU) के छात्रों को दोहरी डिग्री कार्यक्रमों, शोध साझेदारी और वैश्विक उद्योग इंटर्नशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय अवसरों तक पहुंच मिलेगी।
यूनिवर्सिटी ने अपनी विज्ञप्ति में बताया कि इस गठजोड़ का उद्देश्य दोनों संस्थानों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को जोड़कर विश्व स्तरीय शिक्षा की लागत को कम करना है। इस साझेदारी के तहत एयू अब ASU-Cintana Alliance का हिस्सा बन गया है, जो यूरोप, एशिया, मध्य पूर्व और लैटिन अमेरिका के अग्रणी विश्वविद्यालयों का एक वैश्विक नेटवर्क है। इससे छात्रों और शिक्षकों को अत्याधुनिक शोध, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और वास्तविक दुनिया के उद्योग परियोजनाओं तक पहुंच मिलने से उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत होगी।
एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष माइकल एम. क्रो ने कहा कि एएसयू के विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम को अनुराग यूनिवर्सिटी की मजबूत क्षेत्रीय उपस्थिति के साथ एकीकृत कर भारतीय छात्रों को बिना विदेश गए वैश्विक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, अनुराग यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष पल्ला राजेश्वर रेड्डी ने कहा कि यूनिवर्सिटी अपने छात्रों को तेजी से परस्पर जुड़ती दुनिया में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देने के लिए प्रतिबद्ध है।




Add comment