
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन सत्र-1 के परिणामों की घोषणा कर दी है। 11 फरवरी को केवल पेपर-1 (बीई/बीटेक) के परिणाम जारी किए गए, जबकि पेपर-2 के नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे। उम्मीदवार अपने स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in. पर देख सकते हैं।
परिणामों के साथ-साथ एनटीए ने उन छात्रों की सूची भी जारी की है जिन्होंने 100% स्कोर प्राप्त किया है। इस बार कुल 14 छात्रों ने 100% स्कोर हासिल किया, जिनमें से राजस्थान से सबसे अधिक 5 छात्र हैं। इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर से दो, उत्तर प्रदेश से दो, और गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, और तेलंगाना से एक-एक छात्र का नाम सूची में शामिल है।
जेईई मेन सत्र-1 पेपर-1 की परीक्षा 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी, 2025 को देशभर के 304 शहरों में स्थित 618 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 13,11,544 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 12,58,136 (95.93%) छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।




Add comment