
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के जन्मदिन का जश्न कांग्रेस शासित राज्य के रंगा रेड्डी जिले के एक सरकारी स्कूल में मनाया गया, जिसके बाद स्कूल की प्रधानाध्यापिका पर निलंबन की गाज गिरी। स्कूल परिसर में जन्मदिन मनाने की अनुमति देने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, स्कूल परिसर में राजनीतिक नारेबाजी और इसी तरह की अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध है, क्योंकि इससे कक्षाओं की नियमितता प्रभावित होती है। इसलिए प्रधानाध्यापिका के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानाध्यापिका को स्कूल में किसी भी कार्यक्रम की अनुमति देने से पहले वरिष्ठ अधिकारियों से मंजूरी लेनी चाहिए थी।
सोमवार को केसीआर का 71वां जन्मदिन मनाया गया, और इस मौके पर कथित तौर पर एक पूर्व पार्षद ने स्कूल परिसर में समारोह आयोजित किया था, जिसमें छात्रों ने भी भाग लिया।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने प्रधानाध्यापिका के निलंबन को गलत ठहराया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भाई और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क की पत्नी को पहले भी आधिकारिक सम्मान दिए गए हैं, जबकि वे किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के जन्मदिन के अवसर पर ‘छात्रों को मिठाई बांटना’ में कोई गलत बात नहीं थी।




Add comment