
राजस्थान में रीट परीक्षा 2025 की तैयारियां पूरी जोरों पर हैं। राजस्थान अध्यापक पात्रता प्रतियोगी परीक्षा के सेंटर्स पर विशेष टीमों की तैनाती के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही, परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कुछ महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा, जिसमें ड्रेस कोड भी शामिल है।
ड्रेस कोड का पालन करना होगा जरूरी
रीट परीक्षा 2025 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को 27 और 28 फरवरी को परीक्षा केंद्र पर एंट्री तभी मिलेगी जब वे बोर्ड द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करेंगे।
पुरुष उम्मीदवारों के लिए: उन्हें सादे कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पर आना होगा। इसमें कुर्ता, आधी या पूरी बाजू वाली शर्ट या टी-शर्ट के साथ साधारण पैंट या लोअर, चप्पल या सैंडल पहनने की अनुमति होगी। फैंसी पैंट्स या अन्य डिजाइनर कपड़े पहनने पर रोक होगी।
महिला उम्मीदवारों के लिए: उन्हें सलवार सूट या साड़ी, आधी या पूरी बाजू का कुर्ता/ब्लाउज और हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आना होगा। महिला उम्मीदवारों को चूड़ियां या आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।
कैंडिडेट्स को इन बातों का भी ध्यान रखना होगा
समय से पहुंचे: उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर पेपर शुरू होने से एक घंटा पहले पहुंचना होगा। बाद में केंद्र के दरवाजे बंद कर दिए जाएंगे।
Face Recognition तकनीक: परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की पहचान के लिए फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसमें एडमिट कार्ड पर लगी फोटो और बारकोड के जरिए उम्मीदवार की पहचान की जाएगी।
सेंटर पर सीसीटीवी निगरानी: परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
दो शिफ्टों में होगी परीक्षा
रीट परीक्षा 27 और 28 फरवरी को दो शिफ्टों में आयोजित होगी:
पहली शिफ्ट: सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक
दूसरी शिफ्ट: दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक
इस परीक्षा के लिए कुल 14,29,822 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है, जो कि इस परीक्षा का हिस्सा होंगे।




Add comment