
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) आने वाले वर्षों में नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत कई महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। इन बदलावों के अंतर्गत, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के पेपर में दो स्तरों का विकल्प छात्रों को दिया जाएगा। छात्रों के पास यह विकल्प होगा कि वह कौन से स्तर के पेपर की परीक्षा देना चाहते हैं। “स्टैंडर्ड” स्तर का पेपर थोड़ा सामान्य होगा, जबकि “एडवांस्ड” स्तर का पेपर अधिक गहरे विषय ज्ञान की आवश्यकता करेगा।
यह बदलाव कक्षा 9वीं और कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए लाया जाएगा। 2026 से कक्षा 9 में और 2028 से कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं में यह दो स्तरों वाले पेपर लागू किए जाएंगे। इस बदलाव को सीबीएसई की पाठ्यक्रम समिति ने सिफारिश की थी, जिसे बोर्ड के सर्वोच्च नीति-निर्माण प्राधिकरण, गवर्निंग बॉडी ने मंजूरी दे दी है।
वर्तमान में, 2019-20 शैक्षिक वर्ष से गणित केवल एक ऐसा विषय था, जिसे कक्षा 10 में दो स्तरों पर प्रस्तुत किया जाता था। दोनों स्तरों में पाठ्यक्रम समान था, लेकिन प्रश्नों की जटिलता अलग होती थी। अब यह फॉर्मेट विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों पर भी लागू किया जाएगा।
यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप है, जो विद्यार्थियों को उनके ज्ञान और क्षमता के अनुसार स्टैंडर्ड और एडवांस्ड स्तरों के बीच चयन का अवसर प्रदान करने का सुझाव देती है। अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से विद्यार्थी जेईई (JEE) जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर पाएंगे और बाहरी कोचिंग पर उनकी निर्भरता भी कम होगी।
हालांकि, 2028 में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा के लिए नए प्रश्न पत्र का फॉर्मेट अभी तय नहीं हुआ है। एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, सीबीएसई के पास दो विकल्प हैं: एक ही प्रश्न पत्र जिसमें अतिरिक्त एडवांस्ड स्तर के सवाल हों, या फिर स्टैंडर्ड और एडवांस्ड स्तर के लिए अलग-अलग प्रश्न पत्र हों।




Add comment