Edinbox Hindi
CUET-PG-2024

सीयूईटी यूजी में हुए कई बदलाव; अब 37 विषयों में होगी परीक्षा, केवल सीबीटी मोड में होंगे एग्जाम

सीयूईटी यूजी 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 22 मार्च 2025 तक cuet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा 8 मई से 1 जून 2025 तक देश के 285 शहरों में आयोजित की जाएगी। सीयूईटी यूजी 2025 परीक्षा 13 भारतीय भाषाओं, जैसे कि अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की जाएगी।

यह परीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), इलाहाबाद विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया समेत देश के 260 से अधिक विश्वविद्यालयों में अंडरग्रेजुएट कोर्सों में प्रवेश दिलाने के लिए आयोजित की जाती है। इस साल सीयूईटी यूजी में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा गठित एक विशेषज्ञ पैनल ने परीक्षा की समीक्षा कर कई महत्वपूर्ण बदलावों की सिफारिश की थी। इन सिफारिशों के आधार पर सीयूईटी यूजी में कई बड़े परिवर्तन किए गए हैं। यहां देखें प्रमुख बदलाव:

बदलाव 1: अब 37 विषयों में होगी परीक्षा
सीयूईटी यूजी परीक्षा में विषयों की संख्या 63 से घटाकर 37 कर दी गई है, जिसमें 13 भाषाएं, 23 डोमेन विशेष विषय और 1 सामान्य योग्यता परीक्षा (GAT) शामिल है। जिन विषयों को हटाया गया है, उनके लिए प्रवेश सामान्य योग्यता परीक्षा के अंकों के आधार पर दिया जाएगा। पिछले साल 33 भाषाएं और 29 डोमेन विषय थे।

बदलाव 2: किसी भी विषय से दे सकेंगे परीक्षा
सीयूईटी यूजी 2025 में उम्मीदवारों को अधिकतम पांच विषय चुनने की अनुमति दी गई है, चाहे उन्होंने वे विषय कक्षा 12वीं में पढ़े हों या नहीं। इसका मतलब यह है कि छात्र उन विषयों का चयन कर सकते हैं, जिन्हें उन्होंने 12वीं में नहीं पढ़ा है। इस बदलाव से छात्र अब किसी भी अंडरग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं, भले ही उन्होंने उस विषय को 12वीं में नहीं पढ़ा हो। उन्हें केवल सीयूईटी प्रवेश परीक्षा पास करनी होगी और आवश्यक कटऑफ के अनुसार सफलता प्राप्त करनी होगी। 12वीं की स्ट्रीम का अब कोई महत्व नहीं रहेगा और छात्र अपने पिछले विषयों की परवाह किए बिना किसी भी क्षेत्र में यूजी कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बदलाव 3: केवल सीबीटी मोड में परीक्षा
सीयूईटी यूजी 2025 परीक्षा पूरी तरह से सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में होगी, जबकि पिछले साल यह हाइब्रिड मोड (सीबीटी और पेन-पेपर मोड दोनों) में आयोजित की गई थी। अब अभ्यर्थी 6 विषयों की जगह अधिकतम 5 विषयों में परीक्षा दे सकेंगे।

बदलाव 4: परीक्षा केंद्रों की संख्या में कमी
सीयूईटी यूजी 2025 में परीक्षा केंद्रों की संख्या भारत में 354 से घटाकर 285 कर दी गई है, और विदेशों में यह 26 से घटकर 15 रह गई है। पिछले साल यह परीक्षा विदेश के 26 शहरों में आयोजित की गई थी।

बदलाव 5: एक समान परीक्षा अवधि
सीयूईटी यूजी 2025 में सभी परीक्षाओं के लिए 60 मिनट की समान अवधि निर्धारित की गई है। पहले यह अवधि 45 मिनट से लेकर 60 मिनट तक थी। हर टेस्ट पेपर में 50 प्रश्न होंगे। सही उत्तर के लिए 5 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर के लिए 1 अंक काटा जाएगा।

बदलाव 6: सभी प्रश्न अनिवार्य
सीयूईटी यूजी 2025 में वैकल्पिक प्रश्नों की प्रणाली खत्म कर दी गई है। अब सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। पिछले साल परीक्षा पत्रों में 50 में से 40 प्रश्न अनिवार्य थे, और जनरल टेस्ट में 60 में से 50 प्रश्न थे (10 प्रश्नों की चॉइस के साथ)। अब सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed