Edinbox Hindi
UP board 12th result

यूपी के 11 जिलों में अतिरिक्त सेट से कराई जा रही बोर्ड की परीक्षा, 1.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने छोड़ा एग्जाम

आज, 11 मार्च को यूपी बोर्ड की हाई स्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 11 जिलों में अतिरिक्त सेट से कराई जा रही है। यूपी बोर्ड ने इस निर्णय को सोमवार देर रात अचानक लिया, जिससे सभी को चौंका दिया। बोर्ड ने इसके पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं, हालांकि इसके स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आए हैं। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया जब बोर्ड की परीक्षा में कुछ असामान्य घटनाएँ सामने आई हैं, जिसके बाद पेपर लीक होने की आशंका जताई जा रही है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, 11 मार्च को सुबह की पाली में निर्धारित हाई स्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आगरा, कासगंज, गौतमबुद्ध नगर, अमरोहा, लखनऊ, कन्नौज, बहराइच, बलरामपुर, आजमगढ़, भदोही और चंदौली जिलों में अतिरिक्त सेट से कराई जा रही है।

यह निर्णय केवल उन 11 जिलों के लिए लिया गया है, जिनके लिए संकेतांक 825 के प्रश्नपत्र भेजे गए थे। यूपी बोर्ड को देर रात अचानक यह निर्णय क्यों लेना पड़ा, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे पेपर लीक होने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। बोर्ड सचिव ने संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी केंद्र व्यवस्थापकों और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को इस बारे में सूचित करें। इसके साथ ही, गूगल मीट के माध्यम से सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, सोमवार को यूपी बोर्ड की हाई स्कूल चित्रकला और रंजनकला की परीक्षा में डेढ़ लाख से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की कुल परीक्षा में 92 प्रतिशत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कुल 27,65,921 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 25,52,624 उपस्थित हुए और 2,13,297 अनुपस्थित रहे।

पहली पाली में हाई स्कूल के चित्रकला और रंजनकला के विषयों के लिए 23,43,085 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि इंटरमीडिएट के काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई शिल्प और व्यावसायिक विषयों के लिए 37,396 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 21,93,272 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,87,209 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

दूसरी पाली में हाई स्कूल के IT/ITES विषय में 37 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट के भूगोल, कृषि भौतिकी और जलवायु विज्ञान, कृषि जंतु विज्ञान विषयों के लिए 3,85,403 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,59,352 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 26,088 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान नकल के किसी भी मामले की सूचना नहीं मिली।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed