Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रोग्राम में गैप ईयर वाले छात्रों को मिलेगा दाखिला, सीयूईटी में उपस्थित होना अनिवार्य

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रोग्राम में गैप ईयर वाले छात्रों को दाखिला देने का फैसला किया है। हालांकि, गैप ईयर के साथ दाखिले की शर्त यह होगी कि छात्रों को सीयूईटी 2025 में उपस्थित होना होगा और केवल इसी साल के सीयूईटी स्कोर को ही स्वीकार किया जाएगा। बीते साल का सीयूईटी स्कोर मान्य नहीं होगा। दाखिला केवल भाषा, डोमेन विशिष्ट विषयों या सामान्य टेस्ट के आधार पर दिया जाएगा। यह व्यवस्था डीयू ने इस साल भी जारी रखी है और इसे अपने इंफॉर्मेशन बुलेटिन में शामिल किया है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा सीयूईटी यूजी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद, डीयू ने भी स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए शनिवार को अपना इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी किया। डीयू ने छात्रों की सहूलियत के लिए इस साल भी गैप ईयर के छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था बनाए रखने का निर्णय लिया है।

डीयू प्रशासन के अनुसार, जिन छात्रों ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 12वीं कक्षा पास की थी लेकिन सीयूईटी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, वे अब गैप ईयर श्रेणी में आते हैं। ऐसे छात्र अगर इस साल डीयू के किसी स्नातक प्रोग्राम में दाखिला लेना चाहते हैं, तो उन्हें सीयूईटी 2025 में उपस्थित होना होगा। उनका पिछले साल का कोई भी सीयूईटी स्कोर मान्य नहीं होगा।

इसके अलावा, डीयू ने दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों को बड़ी राहत दी है। अब सीयूईटी परीक्षा में भाषा में 30 फीसदी अंक लाने की अनिवार्यता को हटा दिया गया है। पहले यह बाध्यता थी कि विज्ञान विषयों में (जैसे, पीसीएम- फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ या पीसीबी- फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी) छात्रों को भाषा में कम से कम 30% अंक लाने होंगे, लेकिन अब केवल किसी एक भाषा में परीक्षा देना ही जरूरी होगा।

डीयू प्रशासन ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे स्नातक प्रोग्राम की विशिष्ट आवश्यकताओं को ध्यान से पढ़ें, ताकि उन्हें दाखिला प्रक्रिया में कोई समस्या न हो।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed