
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषय और कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) विषय के पाठ्यक्रम में 50% समानता अनिवार्य कर दी है। यदि कोई छात्र उसी विषय में CUET परीक्षा देता है, जो उसने 12वीं में पढ़ा है, तो उसे सीट मिलने की संभावना अधिक होगी।
विषय समानता अनिवार्य, अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय के पास
यदि किसी छात्र ने 12वीं में कोई ऐसा विषय पढ़ा है जो CUET-UG की सूची में नहीं है, तो उसे उस भाषा या डोमेन-संबंधी विषय में परीक्षा देनी होगी, जो 12वीं में पढ़े गए विषय से कम से कम 50% समानता रखता हो। विषयों की समानता तय करने का अंतिम अधिकार दिल्ली विश्वविद्यालय के पास होगा।
CUET-UG 2025 के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद, दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपनी आधिकारिक इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर दी है, जिसमें प्रवेश नियमों की स्पष्ट जानकारी दी गई है।
नए नियमों के तहत विषय चयन और प्रवेश प्रक्रिया
यदि कोई छात्र 12वीं में जैव रसायन शास्त्र (Biochemistry) पढ़ता है, तो उसे CUET-UG 2025 में जीवविज्ञान (Biology) विषय चुनना होगा, क्योंकि दोनों पाठ्यक्रमों में 50% समानता पाई जाती है।
CUET-UG परीक्षा स्कोर जारी होने के बाद, प्रवेश दिल्ली विश्वविद्यालय की सामान्य सीट आवंटन प्रणाली के माध्यम से होगा। छात्रों को सीट आवंटन प्रणाली के लिए अलग से आवेदन करना होगा, जिसकी जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।




Add comment