
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो न केवल समाज को जागरूक करता है, बल्कि अन्य तीनों स्तंभों (विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका) को भी आवश्यक मुद्दों की ओर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करता है। रविवार को गोरखपुर में आयोजित गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख केंद्र है और यहां की पत्रकारिता का प्रभाव आसपास के जनपदों तक पड़ता है।
स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारिता की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारिता की अहम भूमिका रही है। महात्मा गांधी, लोकमान्य तिलक, लाल लाजपत राय, गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे सेनानियों ने समाचार पत्रों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतंत्र पर संकट आया, समाचार समूहों ने अपनी लेखनी के माध्यम से इसे बचाने के लिए संघर्ष किया।
मीडिया की बदलती जिम्मेदारियां और सकारात्मक पत्रकारिता की जरूरत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी के विकास के साथ-साथ मीडिया की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वे जनता तक सही और सकारात्मक जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर नकारात्मकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं, ऐसे में मीडिया को अपनी वास्तविक भूमिका निभानी होगी।
लोकतंत्र और सुशासन में संवाद की अहमियत
सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र की पहली शर्त संवाद है, और संवाद से किसी भी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। जब संवाद की प्रक्रिया बाधित होती है, तब संघर्ष की स्थिति उत्पन्न होती है। मीडिया संवाद को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज मीडिया के माध्यम से कुछ ही लोग अपनी बात को करोड़ों लोगों तक पहुंचा सकते हैं, इसलिए इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की प्रगति
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रीतेश मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने समय के साथ चलना शुरू किया, जिससे प्रदेश की ख्याति और उपलब्धियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सुशासन, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और विकास का मॉडल अन्य राज्यों के लिए एक प्रेरणा बन चुका है।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में रीतेश मिश्र – अध्यक्ष, भूपेंद्र द्विवेदी – उपाध्यक्ष, पंकज श्रीवास्तव – महामंत्री, प्रिंस पांडेय – कोषाध्यक्ष, अंगद प्रजापति – संयुक्त मंत्री, विनय सिंह – पुस्तकालय मंत्री, राजीव कुमार पांडेय – कार्यकारिणी सदस्य, विवेक कुमार – कार्यकारिणी सदस्य, परमात्मा राम त्रिपाठी – कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ल, डॉ. विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी मदन मोहन सिंह, राष्ट्रीय सहारा के वरिष्ठ स्थानीय संपादक पीयूष बंका, स्थानीय संपादक दीप्तभानु डे और दैनिक आज के स्थानीय प्रभारी अखिलेश चंद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने किया।




Add comment