
केरल सरकार ने जुलाई 2024 में वायनाड के मेप्पाडी गांव में हुए भूस्खलन में अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, मेप्पाडी ग्राम पंचायत में अपने दोनों माता-पिता को खोने वाले 7 बच्चों और अपने माता-पिता में से किसी एक को खोने वाले 14 बच्चों को प्रत्येक 10 लाख रुपये की सहायता राशि उनकी शिक्षा के लिए प्रदान की जाएगी।
बयान में कहा गया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। यह सहायता मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (CMDRF) से इस शर्त पर प्रदान की जाएगी कि 18 वर्ष की आयु तक राशि नहीं निकाली जा सकेगी। सीएमओ ने कहा कि यह महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पहले दी गई वित्तीय सहायता के अतिरिक्त है।
सरकार ने वायनाड कलेक्टर को जिला प्रशासन के खाते में राशि जमा करने और संबंधित बच्चों के अभिभावकों को मासिक ब्याज का भुगतान करने का काम सौंपा है।
सरकार ने वायनाड के मुंदक्कई और चूरलमाला में भूस्खलन आपदा के बचे लोगों के पुनर्वास के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा देने का भी निर्णय लिया है।




Add comment