Edinbox Hindi

यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू, अप्रैल के अंत में जारी किए जाएंगे परिणाम 

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए खुशखबरी है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बोर्ड परीक्षा के परिणाम को लेकर अहम जानकारी साझा की है।

दरअसल, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार सुबह से शुरू हो गया। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए कुल 261 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां यह मूल्यांकन कार्य आज से प्रारंभ हो गया है। यह प्रक्रिया 2 अप्रैल 2025 तक जारी रहेगी।

सिंह ने यह भी बताया कि मूल्यांकन कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए यूपी बोर्ड परिसर में कंट्रोल रूम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, मूल्यांकन पर जिला स्तर, मंडल स्तर और यूपी बोर्ड के पांच क्षेत्रीय कार्यालयों में भी ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम अप्रैल के अंत में जारी किए जाएंगे।

इस साल की यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 1,63,22,248 लिखित उत्तर पुस्तिकाओं के लिए 84,122 परीक्षक और 8,437 उप प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,33,71,607 लिखित उत्तर पुस्तिकाओं के लिए 50,601 परीक्षक और 5,471 उप प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च, 2025 तक प्रदेशभर के 8,140 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई थीं, जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 25,56,992 छात्र-छात्राएं और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 25,77,733 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed