
बिहार के शिक्षा विभाग ने 10,225 शिक्षकों को उनके गृह जनपद में ट्रांसफर करने की घोषणा की है, जिससे इन शिक्षकों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। सोमवार को जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार, 2953 पुरुष और 7272 महिला शिक्षकों को उनकी इच्छानुसार जिलों में ट्रांसफर किया गया है।
शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता शिक्षा सचिव अजय यादव ने की। इन स्थानांतरित शिक्षकों ने ई-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से अपने मनपसंद जिलों में ट्रांसफर के लिए आवेदन किया था।
विभाग द्वारा दिए गए निर्देश:
शिक्षकों के इच्छानुसार ट्रांसफर के लिए शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दो-शपथ पत्र अपलोड करने का निर्देश दिया था। अब, स्थानांतरित शिक्षकों की पदस्थापना उनके गृह जिलों के सरकारी स्कूलों में की जाएगी। इसके साथ ही, यदि किसी शिक्षक द्वारा ई-पोर्टल पर दी गई जानकारी गलत पाई जाती है, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पहले चरण में किए गए थे कुछ ट्रांसफर:
बिहार शिक्षा विभाग ने जनवरी में पहले चरण में गंभीर रोगों से ग्रस्त 47 नियमित शिक्षकों का ट्रांसफर किया था। इसके बाद, बीपीएससी टीआरई-1 और टीआरई-2 से नियुक्त 260 शिक्षकों का ट्रांसफर आवेदनों का भी निपटारा कर दिया गया। राज्यभर के 1.90 लाख से अधिक शिक्षकों ने ई-पोर्टल कोष के माध्यम से अपने पसंदीदा जिलों में ट्रांसफर के लिए आवेदन किया था।




Add comment