Edinbox Hindi

बिहार बोर्ड ने जारी किया इंटर का रिजल्ट, 86.50 प्रतिशत छात्र हुए सफल 

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 86.50% छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। विभिन्न संकायों में, कॉमर्स संकाय का उत्तीर्ण प्रतिशत सर्वाधिक 94.77% रहा, जबकि कला संकाय में यह 82.75% दर्ज किया गया। विज्ञान में उत्तीर्ण प्रतिशत 89.66% है। 

टॉपर्स की सूची
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने जानकारी दी कि इस वर्ष विज्ञान संकाय में पश्चिम चंपारण की प्रिया जायसवाल ने 484 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। आकाश कुमार (अरवल) ने 480 अंकों के साथ दूसरा स्थान और पटना के रवि कुमार ने 478 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कला संकाय में अंकिता कुमार और साकिब साह ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया, दोनों को 473 अंक मिले। अनुष्का कुमारी और रुबैया फातिमा ने 471 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर तीन छात्र रहे, जिन्हें 470 अंक प्राप्त हुए।

परीक्षा में भागीदारी और सफलता दर
बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा में इस बार कुल 12,92,313 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें 6,41,847 लड़कियां और 6,50,466 लड़के थे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटर परीक्षा में इस बार सर्वाधिक विज्ञान संकाय के 6 लाख 33 हजार 896, कला संकाय के 6 लाख 11 हजार 365 और कॉमर्स संकाय के 34 हजार 821 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। विज्ञान के 5 लाख 68 हजार 330, कला के 5 लाख 05 हजार 884 और कॉमर्स के 32 हजार 999 परीक्षार्थी पास हुए हैं।

बिहार बोर्ड ने इस वर्ष 1 फरवरी से 15 फरवरी 2024 तक परीक्षा का आयोजन किया था। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि बिहार ने लगातार सातवीं बार देश में सबसे पहले इंटर परीक्षा का परिणाम जारी किया। परीक्षा खत्म होने के लगभग 40 दिनों बाद नतीजों की घोषणा कर दी गई।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed