
ब्रिटेन में पढ़ाई और नौकरी के लिए जाने वाले भारतीयों को अब अधिक खर्च करना पड़ेगा। ब्रिटिश सरकार ने वीजा फीस में बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जिसका सीधा असर भारतीय नागरिकों पर पड़ने वाला है। यूके होम ऑफिस ने कई प्रकार के वीजा पर फीस वृद्धि की जानकारी दी है, जिनमें स्टूडेंट वीजा, विजिटर वीजा और इलेक्ट्रॉनिक ट्रेवल ऑथराइजेशन (ETA) शामिल हैं। नई वीजा फीस की दरें 9 अप्रैल 2025 से लागू होंगी।
स्टूडेंट और विजिटर वीजा पर सबसे बड़ी बढ़ोतरी
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी स्टूडेंट वीजा और विजिटर वीजा की फीस में देखने को मिली है। स्टूडेंट वीजा की फीस अब 7% तक बढ़ जाएगी। वर्तमान में स्टूडेंट वीजा फीस 490 पाउंड है, जो बढ़कर 524 पाउंड हो जाएगी। यह बढ़ी हुई फीस मुख्य आवेदक और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों पर लागू होगी। चाइल्ड स्टूडेंट वीजा की फीस भी अब 524 पाउंड होगी। अक्टूबर 2023 में भी स्टूडेंट वीजा फीस में एक तिहाई से ज्यादा बढ़ोतरी हुई थी, जिससे ब्रिटेन में पढ़ाई का खर्च बढ़ गया था।
अंग्रेजी भाषा सीखने के लिए आने वाले छात्रों पर असर
ब्रिटेन में अंग्रेजी सीखने के लिए आने वाले छात्रों के लिए भी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। अंग्रेजी सिखाने के लिए आमतौर पर शॉर्ट-टर्म कोर्स की अवधि 6 महीने से लेकर 11 महीने तक होती है, और इस वीजा की फीस में भी 7% की बढ़ोतरी की गई है। अब 6 से 11 महीने के इंग्लिश लैंग्वेज कोर्स के लिए शॉर्ट-टर्म स्टडी वीजा की फीस 200 पाउंड से बढ़कर 214 पाउंड हो जाएगी।
ETA और वर्क वीजा पर भी असर
उन देशों के नागरिकों को, जिन्हें ब्रिटिश वीजा की आवश्यकता नहीं होती, अब ETA लेना होगा। ETA की फीस में 60% की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही ब्रिटेन में काम करने की योजना बना रहे लोगों के लिए वर्क वीजा फीस में भी वृद्धि की गई है। स्किल्ड वर्कर वीजा की फीस 719 पाउंड से बढ़कर 769 पाउंड हो जाएगी। 3 साल या उससे कम समय के लिए वैलिड वीजा की फीस बढ़कर 1420 पाउंड से 1519 पाउंड हो जाएगी। इसके अलावा, इनोवेटर फाउंडर वीजा की फीस 83 पाउंड बढ़कर 1274 पाउंड हो जाएगी, और टियर 1 इन्वेस्टर वीजा की फीस 116 पाउंड बढ़कर 2000 पाउंड हो जाएगी।
इस बढ़ी हुई वीजा फीस से भारतीयों के लिए ब्रिटेन में शिक्षा और नौकरी के अवसरों का खर्च बढ़ जाएगा।




Add comment