Edinbox Hindi

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में ममता बनर्जी का संबोधन, विश्वविद्यालय से भारत में कॉलेज खोलने की अपील

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केलॉग कॉलेज में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने राष्ट्रीय एकता, महिला सशक्तिकरण और बंगाल सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। हालाँकि, इस दौरान उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा और दर्शकों ने कई तीखे सवाल भी किए।

‘देश को एकजुट देखना चाहती हूं’
अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा, “मेरे मरने से पहले मैं देश को एकजुट देखना चाहती हूं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था, एकजुटता शक्ति है और अलग हुए तो दुर्बल हो जाएंगे।” उन्होंने देश में बढ़ती राजनीतिक और वैचारिक ध्रुवीकरण पर चिंता जाहिर की।

‘मैं भेदभाव नहीं कर सकती’
ममता बनर्जी ने प्रशासनिक निष्पक्षता की बात करते हुए कहा, “जब मैं चेयर पर हूं, मैं किसी के साथ भेदभाव नहीं कर सकती।” उन्होंने कन्याश्री और लक्ष्मी भंडार जैसी योजनाओं का जिक्र किया और बताया कि उनकी सरकार महिलाओं और छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

विरोध और तीखे सवालों से घिरीं ममता
कार्यक्रम के दौरान एक दर्शक ने टाटा नैनो प्रोजेक्ट के बंगाल से बाहर जाने पर सवाल किया। इस पर ममता ने जवाब दिया, “टाटा और कॉग्निजेंट अभी भी बंगाल में काम कर रहे हैं।” उन्होंने माहौल हल्का करने के लिए सवाल करने वाले व्यक्ति को मिठाई देने की बात कही।

आरजी कर रेप और मर्डर केस पर जवाब
जब एक दर्शक ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए रेप और मर्डर केस पर सवाल उठाया, तो ममता बनर्जी ने कहा, “यह मामला राजनीति से जुड़ा नहीं है। यह केस केंद्र सरकार के पास है और सब-ज्यूडिस है। यहां राजनीति मत कीजिए।”

पुरानी तस्वीर दिखाकर लेफ्ट शासन पर निशाना
विरोध के बीच ममता बनर्जी ने अपनी पुरानी तस्वीर दिखाते हुए कहा, “30-40 सालों से ये लोग मुझे मारने की कोशिश कर रहे हैं। जब वे इसमें असफल होते हैं, तब इस तरह के विरोध करते हैं।”

‘आप हिंदू विरोधी हैं’ – सवाल पर जवाब
एक व्यक्ति ने ममता बनर्जी से पूछा, “आप हिंदू विरोधी हैं?”
इस पर ममता ने कहा, “मैं सबके लिए काम करती हूं। मैं 7 बार सांसद चुनी गई हूं और सरकार से एक भी रुपया पेंशन नहीं लेती।”
उन्होंने आगे कहा, “उल्ट्रा लेफ्ट और सांप्रदायिक शक्तियां इस तरह के आरोप लगा रही हैं।”

‘बंगाल SME और AI हब में नंबर वन’
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की औद्योगिक और तकनीकी प्रगति पर बात करते हुए कहा, “SME में बंगाल देश में नंबर वन है। अब बंगाल AI का हब बनने जा रहा है।”
उन्होंने याद दिलाया कि ब्रिटिश शासन के दौरान कोलकाता भारत की राजधानी थी और आज भी यह भारत की सांस्कृतिक राजधानी है।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से भारत में कॉलेज खोलने की अपील
ममता बनर्जी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से भारत में एक कॉलेज स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “अगर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी बंगाल में कॉलेज बनाती है, तो सरकार उसे जमीन देगी।”

‘दबाव के आगे नहीं झुकूंगी’
तीखे सवालों के बीच ममता बनर्जी ने स्पष्ट कहा, “मैं इंसानों के सामने सिर झुका सकती हूं, लेकिन किसी दबाव के सामने नहीं झुकूंगी।”

केलॉग कॉलेज ने मांगी माफी
ममता बनर्जी के भाषण के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर केलॉग कॉलेज के प्रशासन ने ममता बनर्जी से माफी मांगी। हालाँकि, ममता ने कहा, “आपने मुझे अपमानित किया, इसके लिए धन्यवाद।”

‘मैं साल में 2 बार आऊंगी’
अपने संबोधन के अंत में ममता बनर्जी ने घोषणा की, “अगले साल से मैं साल में 2 बार यहां आऊंगी। दीदी रॉयल बंगाल टाइगर की तरह काम करती हैं।”

भारत की अर्थव्यवस्था पर ममता ने दिया जवाब
जब ममता बनर्जी से पूछा गया कि भारत, यूके को ओवरटेक कर चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा, तो उन्होंने कहा, “I Beg to Differ, कुछ इंटरनल मैटर होते हैं, मैं इसपर कुछ नहीं कह सकती।”

ममता बनर्जी हुईं नाराज
कार्यक्रम के दौरान जब श्रोताओं ने ममता बनर्जी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया, तो वह थोड़ी नाराज हो गईं। यह कार्यक्रम ममता बनर्जी के लिए एक चुनौतीपूर्ण अनुभव साबित हुआ, जहाँ उन्हें अपनी सरकार की नीतियों को बचाने और तीखे सवालों का सामना करने का अवसर मिला।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed