
नई सरकार के गठन के बाद सरकारी स्कूलों में कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम को बढ़ावा देने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। नए शैक्षणिक सत्र से कई स्कूलों में इन स्ट्रीम्स की शुरुआत होने जा रही है, और इसके लिए स्कूलों को अपग्रेड भी किया गया है। इसके अलावा, स्कूलों में कई अन्य विषयों की पढ़ाई भी शुरू होगी।
इस बारे में शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी किया है। छात्र अब स्कूलों में साइंस स्ट्रीम के तहत फिजिक्स, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, बायोलॉजी, मैथ, इंग्लिश विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे, जबकि कॉमर्स स्ट्रीम के तहत मैथ, इंग्लिश, हिंदी, इकोनॉमिक्स, अकाउंट और बिजनेस स्टडीज पढ़ने को मिलेंगे। निदेशालय के अनुसार, अगर स्कूलों में आवास, फर्नीचर, बिजली जैसी कोई समस्या है, तो उस संबंध में अलग-अलग जिलों के उप शिक्षा निदेशक एस्टेट शाखा के साथ मिलकर उसे दूर करेंगे।
निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एक अप्रैल से पूठ खुर्द स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय, ईस्ट पंजाबी बाग स्थित सर्वोदय विद्यालय और निठारी के सर्वोदय कन्या विद्यालय में साइंस स्ट्रीम की शुरुआत की मंजूरी दी है। इसके अलावा, देवली के सर्वोदय कन्या विद्यालय, डिफेंस कॉलोनी के वरुण मार्ग स्थित गवर्नमेंट सर्वोदय कोएड विद्यालय में भी साइंस स्ट्रीम की शुरुआत की मंजूरी दी गई है।
निदेशालय ने विभिन्न स्कूलों को अपग्रेड भी किया है। इनमें रजोकरी के गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल को सर्वोदय बाल विद्यालय, जामा मस्जिद स्थित गवर्नमेंट बॉयज सेकेंडरी स्कूल नंबर-2 को गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, और बवाना के जेजे कॉलोनी स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सेकेंडरी स्कूल को गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड किया गया है।
इसके अलावा, रोहिणी सेक्टर-11 स्थित गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देव नगर के गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सुल्तानपुरी स्थित पी ब्लॉक के गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कॉमर्स स्ट्रीम की शुरुआत को लेकर आदेश जारी किया गया है।
निदेशालय ने सीनियर सेकेंडरी स्तर पर इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिस विषय पढ़ाने के लिए ईस्ट विनोद नगर स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय, समालखा के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नांगलोई के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टैगोर गार्डन के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-1, गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गांधी नगर स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-2 को मंजूरी दी है। साथ ही, ख्याला स्थित गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-2 में उर्दू और जनकपुरी के सी ब्लॉक स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-1 में इतिहास विषय की शुरुआत को लेकर आदेश जारी किया गया है।




Add comment