
बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनेता आयुष्मान खुराना न सिर्फ अपनी फिल्मों के लिए बल्कि सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने एक सराहनीय पहल के जरिए लोगों का दिल जीत लिया। गुरुवार को आयुष्मान मुंबई पुलिस के साथ जुड़कर साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता फैलाने के मिशन का हिस्सा बने।
मुंबई पुलिस की नई साइबर सिक्योरिटी पहल में आयुष्मान को ब्रांड फेस बनाया गया है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर कमजोर और तकनीक से कम परिचित वर्ग को साइबर अपराधियों के खतरनाक जाल से बचाना है। इन अपराधियों के शिकार अधिकतर वे लोग होते हैं, जो ऑनलाइन ठगी के तरीकों से अनजान होते हैं।
इस अभियान के तहत जारी एक वीडियो में आयुष्मान ने साइबर क्राइम से बचने के आसान लेकिन अहम टिप्स साझा किए हैं। वीडियो में यह बताया गया है कि डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतना क्यों जरूरी है और कैसे हम छोटे-छोटे कदमों से बड़ी ठगी से बच सकते हैं।
अभियान को लेकर आयुष्मान ने कहा, “आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा एक अनिवार्यता बन चुकी है। मुझे खुशी है कि मैं मुंबई पुलिस जैसी संस्था के साथ जुड़कर इस मुहिम का हिस्सा बन सका। यह पहल लोगों को सतर्क बनाने और उन्हें साइबर अपराध से बचाने के लिए एक बेहतरीन प्रयास है।”
वर्तमान में आयुष्मान खुराना फिल्मी मोर्चे पर भी खासा व्यस्त हैं। वे रश्मिका मंदाना के साथ हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ की शूटिंग कर रहे हैं, वहीं सारा अली खान के साथ एक स्पाई थ्रिलर में भी नजर आने वाले हैं, जिसका टाइटल फिलहाल सामने नहीं आया है।
इस सामाजिक पहल के जरिए आयुष्मान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे एक जिम्मेदार कलाकार होने के साथ-साथ एक सजग नागरिक भी हैं।




Add comment