Edinbox Hindi

क्या 15 अप्रैल को आएगा यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा का परिणाम? परिषद ने दी जानकारी  

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन दावों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP), प्रयागराज ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक करार दिया है, जिनमें कहा गया है कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम 15 अप्रैल 2025 को दोपहर 2 बजे घोषित किए जाएंगे।

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक फर्जी लेटर वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल को दोपहर 2 बजे घोषित होगा। इस दावे को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यह खबर पूरी तरह गलत है।

UPMSP का स्पष्टीकरण
बोर्ड द्वारा जारी किए गए आधिकारिक लेटर में लिखा है, “सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर यह सूचना प्रसारित की जा रही है कि वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा का परीक्षाफल दिनांक 15 अप्रैल 2025 को अपराह्न 02.00 बजे माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से घोषित किया जायेगा। यह सूचना पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है।”

इसके साथ ही परिषद ने यह भी बताया कि परीक्षा परिणाम से संबंधित कोई भी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइटों — www.upmsp.in या www.upmspresults.nic.in — पर ही जारी की जाएगी।

51 लाख से अधिक छात्र कर रहे हैं इंतजार
इस वर्ष यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में कुल 51.37 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। छात्रों और अभिभावकों को अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार है।

बोर्ड सूत्रों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 2 अप्रैल 2025 तक पूरा किया जा चुका है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि यूपी बोर्ड जल्द ही परिणाम की आधिकारिक तिथि की घोषणा कर सकता है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि दोनों कक्षाओं का रिजल्ट एक ही दिन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक तिथि और समय की पुष्टि नहीं की गई है।

छात्रों और अभिभावकों से अनुरोध है कि किसी भी वायरल संदेश या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल UPMSP की आधिकारिक वेबसाइटों से ही जानकारी प्राप्त करें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed