
गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (GSEB) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फर्जी प्रेस विज्ञप्ति को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि गुजरात CET 2025 और कक्षा 12वीं साइंस स्ट्रीम के परिणाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है।
वायरल नोटिस निकला फर्जी
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक नोटिस तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि गुजरात CET और 12वीं साइंस स्ट्रीम का रिजल्ट 17 अप्रैल को सुबह 9 बजे घोषित किया जाएगा। इस पर संज्ञान लेते हुए GSEB ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा: “गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, गांधीनगर द्वारा ऐसी कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। यह स्पष्ट किया जाता है कि यह प्रेस रिलीज फर्जी है।”
आधिकारिक जानकारी केवल gseb.org पर
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अनाधिकारिक सूचना पर विश्वास न करें। परिणामों से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल बोर्ड की वेबसाइट gseb.org पर ही साझा की जाएगी।
कब आ सकता है रिजल्ट?
हालांकि GSEB ने अभी तक कोई पुख्ता तारीख नहीं बताई है, लेकिन पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखते हुए गुजरात CET 2025 के परिणाम अप्रैल के अंत तक जारी किए जा सकते हैं। बता दें कि इस वर्ष परीक्षा मार्च 2025 में आयोजित की गई थी।
फर्जी सूचनाओं से सतर्क रहें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही परीक्षा परिणाम की जानकारी प्राप्त करें। GSEB की ओर से जैसे ही रिजल्ट डेट घोषित होगी, वह gseb.org पर उपलब्ध होगी।




Add comment