Edinbox Hindi

देश की टॉप 500 कंपनियों में इंटर्नशिप का एक और मौका! पीएम इंटर्नशिप योजना 2025 के लिए आवेदन तिथि बढ़ी

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना 2025 के दूसरे चरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक उम्मीदवार 22 अप्रैल 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। यदि आपने अब तक आवेदन नहीं किया है, तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट pminternship.mca.gov.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इस चरण में देश की टॉप 500 कंपनियों में 1 लाख युवाओं को इंटर्नशिप का मौका मिलेगा। आवेदन पूर्णतः निःशुल्क है और पहले की तय अंतिम तिथियाँ 12 मार्च, 31 मार्च और 15 अप्रैल थीं, जिन्हें अब संशोधित कर 22 अप्रैल कर दिया गया है।

आधिकारिक नोटिस में क्या कहा गया है?
वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के अनुसार “इच्छुक उम्मीदवार 22 अप्रैल 2025 तक रजिस्ट्रेशन करें, प्रोफाइल बनाएं और विभिन्न क्षेत्रों में अवसरों के लिए आवेदन करें। रजिस्ट्रेशन और आवेदन हेतु कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।”

अब तक कितने उम्मीदवारों ने शुरू की इंटर्नशिप?
दूसरे चरण की शुरुआत से लेकर अब तक 28,000 से अधिक उम्मीदवारों का चयन हो चुका है, जिनमें से 8,700 ने इंटर्नशिप शुरू भी कर दी है। पहले चरण में सरकार ने 1.27 लाख इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए थे, वहीं दूसरे चरण में ये संख्या 1.15 लाख के करीब रही।

इस योजना के लिए केंद्र सरकार ने 2025-26 में बजट आवंटन को 380 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10,831.07 करोड़ रुपये कर दिया है, जिससे यह स्पष्ट है कि सरकार इस योजना को लेकर गंभीर है।

पात्रता मानदंड (Eligibility Criteria)
इस योजना के लिए वही युवा आवेदन कर सकते हैं:
– जिनकी उम्र 21 से 24 वर्ष के बीच हो।
– जो पूर्णकालिक पढ़ाई या नौकरी में शामिल न हों।
– जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम हो।
– जिनके परिवार में कोई सदस्य स्थायी सरकारी नौकरी में न हो।

कौन पात्र नहीं हैं
– IIT, IIM, IIIT, IISER, NID, NLU जैसे संस्थानों के स्नातक।
– जो युवा सीए, सीएमए, सीएस, एमबीबीएस, बीडीएस, एमबीए या मास्टर डिग्री प्राप्त कर चुके हों।
– जो अन्य सरकारी योजना के तहत स्किल ट्रेनिंग में शामिल हों।
– ऑनलाइन या डिस्टेंस लर्निंग के छात्र आवेदन कर सकते हैं।

स्टाइपेंड (Stipend Details)
चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 5000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा, जिसमें से 4500 रुपये केंद्र सरकार द्वारा और 500 रुपये संबंधित कंपनी के CSR फंड से दिए जाएंगे। साथ ही, सभी चयनित उम्मीदवारों को एकमुश्त 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।

कैसे करें आवेदन? (Application Process)
– आधिकारिक वेबसाइट pminternship.mca.gov.in पर जाएं।
– होमपेज पर ‘Registration Link’ पर क्लिक करें।
– मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण पूरा करें।
– आवेदन फॉर्म भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
– फॉर्म को ध्यान से जांचें और सबमिट करें।
– भविष्य के लिए फॉर्म का प्रिंटआउट निकाल लें।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed