
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2025 के सेशन 2 का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक कर दी गई है। उम्मीदवार jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड चेक कर सकते हैं। इस बार कुल 24 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं।
रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को अपनी आवेदन संख्या और पासवर्ड की आवश्यकता होगी। अभी केवल पेपर 1 (बीई/बीटेक) का रिजल्ट जारी किया गया है, जबकि पेपर 2 (बीआर्क/बीप्लानिंग) का परिणाम घोषित होना बाकी है।
फाइनल आंसर-की और कटऑफ
NTA ने 18 अप्रैल को दोपहर 2 बजे फाइनल आंसर-की जारी की थी। इससे एक दिन पहले, 17 अप्रैल को भी आंसर-की अपलोड की गई थी लेकिन बाद में उसे हटा लिया गया था। फाइनल आंसर-की से दो प्रश्न हटाए गए हैं, और नियमानुसार इन प्रश्नों के लिए सभी उम्मीदवारों को पूर्ण अंक प्रदान किए जाएंगे।
जेईई मेन 2025 के परिणामों के साथ-साथ जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालिफाइंग कटऑफ भी जारी कर दी गई है। सामान्य श्रेणी के छात्रों को जेईई एडवांस्ड में बैठने के लिए कम से कम 93.10 पर्सेंटाइल की आवश्यकता होगी। वहीं, ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए कटऑफ 80.38, ओबीसी के लिए 79.43, एससी के लिए 61.15, और एसटी वर्ग के छात्रों के लिए कटऑफ 47.90 पर्सेंटाइल निर्धारित की गई है।
टॉपर्स की प्रोफाइल
100 पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले 24 टॉपर्स में 22 लड़के और 2 लड़कियां शामिल हैं। इनमें से राजस्थान से सबसे अधिक 7 छात्र हैं। तेलंगाना, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से 3-3 छात्र, पश्चिम बंगाल से 2, दिल्ली और गुजरात से 2-2 और आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से 1-1 छात्र शामिल हैं।
परीक्षा का आयोजन
सेशन 2 के लिए कुल 10,61,840 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 9,92,350 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। पेपर 1 की परीक्षा 2, 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को देशभर के 285 शहरों और विदेश के 15 शहरों में स्थित 531 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
2 से 7 अप्रैल के बीच पेपर 1 दो शिफ्ट्स में आयोजित हुआ। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चली। जबकि 8 अप्रैल को परीक्षा केवल एक शिफ्ट में, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कराई गई। इसके बाद, पेपर 2A और 2B की परीक्षा 9 अप्रैल 2025 को आयोजित की गई, जो एक ही शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संपन्न हुई।
परीक्षा के बाद प्रोविजनल आंसर-की, प्रश्नपत्र और उत्तर जारी किए गए थे, और उम्मीदवारों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।




Add comment