Edinbox Hindi

कनाडा में भारतीय छात्रा की गोली लगने से मौत, दो गैंग की मुठभेड़ में निशाना बनी पीड़िता

कनाडा में एक 21 वर्षीय भारतीय छात्रा की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय पीड़िता एक बस स्टॉप पर खड़े होकर काम पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तभी उसे गोली लगी। पुलिस का कहना है कि बस स्टॉप के नजदीक ही एक कार से गोली चलाई गई। दरअसल दो कार सवारों ने एक दूसरे पर गोली चलाई थी। इसी गोलीबारी की चपेट में भारतीय छात्रा आ गई, जिससे उसकी जान चली गई।

मृतक भारतीय छात्रा की पहचान हरसिमरत रंधावा के रूप में हुई है, जो कनाडा के ओंटारियो के हेमिल्टन स्थित मोहॉक कॉलेज की छात्रा थी। टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘हम भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की दुखद मौत से दुखी हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार, वह बेगुनाह पीड़ित थी, जो बस स्टॉप पर हुई गोलीबारी के बीच फंस गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हम पीड़िता के परिवार के संपर्क में हैं और सभी जरूरी मदद कर रहे हैं। इस मुश्किल वक्त में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।’ 

पुलिस ने बताया कि शाम करीब 7.30 बजे उन्हें हैमिल्टन में अपर जेम्स इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके पर भारतीय छात्रा घायल अवस्था में मिली और उसके सीने में गोली लगी थी। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि एक काले रंग की कार में सवार लोगों ने एक सफेद रंग की कार पर गोली चलाई थी। गोलीबारी के बाद हमलावर फरार हो गए। नजदीक के एक घर में भी गोली खिड़की को पार करते हुए निकल गई। जिससे घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed