
दिल्ली से नीट की तैयारी करने आए 23 वर्षीय छात्र का शव गुरुवार सुबह कोटा के रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने संभावना जताई है कि छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है, हालांकि घटनास्थल से आत्महत्या से संबंधित कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं।
यह मामला कोचिंग हब कोटा में 48 घंटे के भीतर किसी नीट अभ्यर्थी की आत्महत्या का दूसरा और इस वर्ष जनवरी से अब तक का बारहवां मामला है।
इंस्पेक्टर अरविंद भारद्वाज ने पीटीआई को बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी रोशन शर्मा के रूप में हुई है। उसका शव कुछ राहगीरों ने झाड़ियों में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके से रोशन का मोबाइल बरामद कर उसके माध्यम से उसके माता-पिता से संपर्क किया। एक अधिकारी ने बताया कि शर्मा से उनकी आखिरी बातचीत बुधवार रात को हुई थी।
परिवार के अनुसार, शर्मा ने बातचीत में कहा था कि वह न तो नीट परीक्षा देगा और न ही दिल्ली लौटेगा, और जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे देगा।
शर्मा को अगले महीने नीट परीक्षा देनी थी। वह कोटा के बोरखड़ा क्षेत्र स्थित कोरोल पार्क के एक छात्रावास में रह रहा था, जबकि उसका शव हॉस्टल से लगभग 10 किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला।
माता-पिता ने पुलिस को बताया कि वे कुछ दिन पहले उसे वापस घर ले जाने के लिए कोटा आए थे, लेकिन शर्मा ने मना कर दिया। इसके बाद वे उसके कपड़े और अन्य सामान लेकर लौट गए।
पुलिस ने बताया कि शव को एमबीएस अस्पताल के शवगृह में रखा गया है और दिल्ली से माता-पिता के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।




Add comment