Edinbox Hindi
UP board 12th result

यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, लड़कियों ने मारी बाज़ी; हाईस्कूल में यश प्रताप सिंह तो इंटर में महक जायसवाल टॉप

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने वर्ष 2025 की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आज घोषित कर दिया। इस साल छात्रों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। हाई स्कूल में 90.11% और इंटरमीडिएट में 81.15% छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए। नतीजे जारी करने के साथ ही यूपी बोर्ड की ओर से टॉपर्स लिस्ट भी जारी की गई। जिन छात्र-छात्राओं ने टॉपर्स लिस्ट में जगह प्राप्त की है, उनको राज्य सरकार की ओर से सम्मानित किया जायेगा।

बता दें कि इस बार लड़कों के मुकाबले लड़कियों का परिणाम ज़्यादा बेहतर रहा है। 10वीं और 12वीं, दोनों ही कक्षाओं में लड़कियों ने बाज़ी मारी है। इस वर्ष हाईस्कूल में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.66% और बालिकाओं का 93.87% रहा, जो कि बालकों से 7.21% अधिक है। इंटरमीडिएट परीक्षा में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.60% रहा, जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.37% रहा, जो कि बालकों की तुलना में 9.77% अधिक है। 

हाईस्कूल के टॉपर्स में जालौन के रहने वाले यश प्रताप सिंह ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। दूसरे स्थान पर 97.67 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से इटावा की अंशी तिवारी और बाराबंकी के रहने वाले अभिषेक कुमार यादव रहे हैं। मुरादाबाद के मृदुल गर्ग 97.50 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इंटर में 97.20% अंक के साथ प्रयागराज की महक जायसवाल टॉप पर रहीं। वहीं 96.80% अंक के साथ साक्षी, आदर्ष यादव, शिवानी सिंह और अनुष्का सिंह दूसरे स्थान पर रहे। मोहनी 96.40% अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 

इस साल परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च 2025 तक हुई थीं। प्रदेश के कुल 8,140 परीक्षा केन्द्रों पर 13 दिनों में परीक्षाएं आयोजित की गईं थीं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 19 मार्च से दो अप्रैल 2025 तक निर्धारित 261 मूल्यांकन केन्द्रों पर किया गया। रिजल्ट आज यानी 25 अप्रैल को जारी हुआ, यानी परीक्षा और परिणाम के बीच कुल 47 दिन का अंतर रहा। वहीं, साल 2024 में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से 9 मार्च तक आयोजित की गई थीं और रिजल्ट 20 अप्रैल में जारी हुआ, यानी परीक्षा और परिणाम के बीच कुल 42 दिन का अंतर रहा।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed